Delhi NCR

AI समिट में सुंदर पिचाई ने भारत के तकनीकी बदलाव और कॉलेज के दिनों की यादें साझा कीं

AI Impact Summit 2026 : राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI समिट में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि हर बार भारत आने पर उन्हें देश में हो रहे बदलाव देखकर आश्चर्य होता है. मंच से उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों की यादें साझा करते हुए भारत में तकनीकी विकास की तेजी की प्रशंसा की.

सुंदर पिचाई ने कहा, “हर बार भारत आने पर मैं यहां हो रहे बदलावों की गति देखकर हैरान रह जाता हूं. अपने छात्र जीवन के दिनों में मैं अक्सर चेन्नई से कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन लेकर करकपुर जाया करता था. इस यात्रा में हम विशाखापत्तनम से गुजरते थे. मुझे याद है कि वह शहर उस समय शांत और छोटे आकार का तटीय नगर था, लेकिन अपने अंदर अपार संभावनाओं को समेटे हुए था.”

देश में नई तकनीक और रोजगार के अवसर

उन्होंने बताया कि अब विशाखापत्तनम में गूगल एक नया फुल-स्टैक AI हब बना रहा है, जो भारत में कंपनी के 15 अरब डॉलर के बुनियादी ढांचे में निवेश का हिस्सा है. पिचाई के अनुसार, इस हब के पूरा होने पर यह गीगावॉट-स्तरीय कंप्यूटिंग और एक नया अंतरराष्ट्रीय सबसी केबल गेटवे उपलब्ध कराएगा, जिससे देशभर में लोगों और व्यवसायों के लिए नई नौकरियां पैदा होंगी और उन्नत AI तकनीक पहुंच सकेगी.

भविष्य की तकनीकी संभावनाएं

अपनी यात्रा की यादें साझा करते हुए सुंदर पिचाई ने कहा, “उस ट्रेन में बैठे हुए मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह शहर भविष्य में एक ग्लोबल AI हब बन जाएगा. बिल्कुल वैसे ही, जैसे मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मैं ऐसी टीमों के साथ काम करूंगा, जो यह खोज रही होंगी कि डेटा सेंटर को अंतरिक्ष में कैसे भेजा जाए, या अपने माता-पिता को सैन फ्रांसिस्को में पूरी तरह ऑटोनॉमस कार में घुमाने का मौका मिलेगा.”

ये भी पढ़ें – डायन होने के शक में मां बेटे को पेट्रोल डालकर जलाया, गंभीर रूप से झूलसे पति का इलाज जारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button