
Bollywood Supports Rajpal Yadav : हंसाकर करोड़ों दिल जीतने वाले बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों निजी और कानूनी मुश्किलों से गुजर रहे हैं। लेकिन इस कठिन दौर में फिल्म इंडस्ट्री ने जिस तरह एकजुटता दिखाई है, वह अपने आप में मिसाल बनती नजर आ रही है। कई बड़े सितारे न सिर्फ उनके समर्थन में सामने आए हैं, बल्कि आर्थिक मदद भी कर रहे हैं।
11 से ज्यादा हस्तियों ने बढ़ाया हाथ
अब तक 11 से अधिक नामी हस्तियों ने राजपाल यादव की मदद के लिए कदम आगे बढ़ाए हैं। किसी ने सीधे रकम ट्रांसफर की तो किसी ने एडवांस पेमेंट या साइनिंग अमाउंट के जरिए सहयोग दिया।
सबसे बड़ी सहायता जेम्स टून म्यूजिक के मालिक राव इंद्रजीत सिंह यादव की ओर से आई है, जिन्होंने करीब 1.1 करोड़ रुपये का योगदान दिया। वहीं जन शक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये की मदद की है।
दोस्तों ने निभाई दोस्ती
राजपाल यादव के करीबी माने जाने वाले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बिना किसी प्रचार के 10 लाख रुपये की सहायता भेजी। बताया जा रहा है कि वह पहले भी इसी राशि से मदद कर चुके हैं। वहीं कमाल आर खान (KRK) ने भी 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।
फिल्मों और म्यूजिक से मिली राहत
मानवता के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता सोनू सूद ने अपनी आगामी फिल्म के लिए राजपाल यादव को साइनिंग अमाउंट देने की घोषणा की है। हालांकि रकम का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने इस अभियान की शुरुआत की।
सिंगर गुरु रंधावा ने भी अपने म्यूजिक वीडियो में काम देने और एडवांस पेमेंट का वादा किया है।
बड़े सितारों का भी साथ
रिपोर्ट्स के अनुसार अजय देवगन, सलमान खान, वरुण धवन और डेविड धवन ने भी आर्थिक मदद के लिए संपर्क किया है। राजपाल के मैनेजर का कहना है कि इन सभी ने सहयोग दिया है, हालांकि राशि सार्वजनिक नहीं की गई।
मीका सिंह ने खुलकर समर्थन जताते हुए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की और इंडस्ट्री से अपील की कि सभी लोग अपनी क्षमता के अनुसार मदद करें।
वहीं गुरमीत चौधरी ने भी सहायता करते हुए अन्य लोगों से आगे आने की अपील की है।
इंडस्ट्री ने दिया परिवार होने का संदेश
राजपाल यादव के समर्थन में जिस तरह से फिल्म जगत के कलाकार एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं, उसने यह साबित कर दिया है कि पर्दे पर भले ही प्रतिस्पर्धा हो, लेकिन असल जिंदगी में बॉलीवुड एक परिवार की तरह है।
यह मुश्किल दौर भले ही राजपाल यादव के लिए चुनौतीपूर्ण हो, लेकिन इंडस्ट्री की यह एकजुटता उनके लिए बड़ी ताकत बनकर सामने आई है।
ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार कर्मचारियों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध, वन विभाग के कर्मचारी सरकार का अभिन्न अंग : लाल चंद कटारूचक
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









