IMD Weather Forecast : दिल्ली-NCR और देश के कई हिस्सों में ठंड का असर अब धीरे-धीरे समाप्त हो गया है. दिन में मौसम गर्म महसूस हो रहा है और रात में भी पारा ज्यादा नहीं गिर रहा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में पूरे उत्तर भारत में तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे इस सप्ताह ठंड लगभग नहीं रहेगी, हालांकि, 16 और 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे वहां तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.
- पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है, लेकिन इसका असर खत्म होने के बाद बर्फ पिघलेगी. इस दौरान ठंडी हवाएं चल सकती हैं और उत्तर-मध्य भारत में तापमान में गिरावट आ सकती है.
- एक के बाद एक दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से, 13 और 16-17 फरवरी 2026 को वेस्टर्न हिमालयी क्षेत्रो में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है.
- वहीं, हिमाचल और मेघालय में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है. हिमाचल प्रदेश में 13 फरवरी की सुबह भी घना कोहरा छाया रह सकता है. दोनों जगहों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- जम्मू कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है. आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना हैं. वहीं, उत्तराखंड में जमीनी पाला देखने को मिल रहा है.
- उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों तक तापमान में किसी तरह का कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है और अगले पांच दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.
दिन में धुंध, पारा 26 डिग्री तक पहुंचने के आसार
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री से अधिक है. इसी के साथ, दिन के समय धुंध छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. अलग-अलग मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक यानी 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लोधी रोड में यह 13.4 डिग्री, रिज में 13.6 डिग्री और आयानगर में 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- थाईलैंड में ताबड़तोड़ फायरिंग, 22 बच्चों समेत 34 लोगों की मौत, डे-केयर सेंटर में बड़ा हमला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








