
Faridabad Gangrape Case : हरियाणा के फरीदाबाद में एक 26 वर्षीय महिला के साथ चलती कार में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला को दो घंटे तक बंधक बनाकर हैवानियत की और फिर सड़क किनारे फेंक दिया। घटना के बाद पीड़िता को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं अब पीड़िता का मेडिकल रिपोर्ट सामने आया है जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
आरोपियों ने दो घंटे तक किया बर्बर अत्याचार
घटना 30 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे की है, जब पीड़िता को फरीदाबाद के प्रयाग सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में लाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, पीड़िता को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। डॉक्टर अमित और डॉक्टर सौम्या ने बताया कि पीड़िता के दाहिने कंधे और आंख पर गंभीर चोटें आई हैं, साथ ही जांच में आंख की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने MLC किया है और फॉरेंसिक सैंपल्स भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट एक सप्ताह में पुलिस को दी जाएगी।
राहगीरों से मदद न मिलने पर आरोपी बेखौफ
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे पहले कार में लिफ्ट दी थी और बाद में फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर दो घंटे तक कार में घुमाते रहे। इस दौरान महिला ने विरोध किया, लेकिन आरोपियों ने उसे बुरी तरह मारा-पीटा। रात के घने कोहरे में न तो कोई पेट्रोलिंग टीम नजर आई और न ही किसी राहगीर ने मदद की। करीब 3 बजे SGM नगर के पास आरोपियों ने महिला को गाड़ी से फेंक दिया।
पुलिस और अस्पताल की कार्रवाई
घटना की सूचना पुलिस को दी गई और FIR दर्ज की गई। पुलिस ने मौके के पास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की है, जिसमें एक सफेद कार दिखाई दे रही है। इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता की हालत स्थिर है, लेकिन वह अभी भी निगरानी में है।
सड़क सुरक्षा और पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल
यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि घटना के दौरान पेट्रोलिंग की कमी क्यों थी। घने कोहरे और रात के समय के चलते पुलिस के पेट्रोलिंग अभियान में गंभीर लापरवाही देखने को मिली, जिससे आरोपी बेखौफ होकर अपना अपराध अंजाम देते रहे।
ये भी पढ़ें – बरिंदर कुमार गोयल ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल प्रबंधन के लिए 5640 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी जानकारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









