
Mirage-2000 fighter plane crash : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गुरुवार (6 फरवरी) को भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान मिराज 2000 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान के दोनों के पायलट घायल हो गए। वहीं हादसे के बाद लड़ाकू विमान का बुरी तरह से जलते हुए वीडियो भी सामने आया है।
कैसे हुआ हादसा?
अब तक मिली जानकारी के अनुसार वायुसेना का लड़ाकू विमान मिराज 2000 गुरुवार को 2 बजकर 20 मिनट के आसपास क्रैश हुआ है। यह विमान शिवपुरी के करैरा तहसील के सुनारी थाना क्षेत्र में क्रैश हुआ है। रक्षा अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि विमान उस समय क्रैश हुआ जब वह नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया जा रहा है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
पायलट सुरक्षित
बता दें कि दुर्घटनाग्रस्त हुए लड़ाकू विमान के दोनों पायलट घायल हुए हैं लेकिन सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि यह लड़ाकू विमान ट्विन सीटर था। विमान के क्रैश होने की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया है। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंच गई है। विमान के क्रैश होने के बाद वह पूरी तरह से जल गया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
ग्रामीणों ने पायलटों को संभाला
जानकारी के मुताबिक, भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान शिवपुरी जिले के बहरेटा सानी गांव के पास एक खेत में क्रैश हुआ। खेत में गिरते ही विमान में आग लग गई। धुआं दिखते ही गांव के लोग मौके की तरफ भागने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने क्रैश हुए विमान के पायलटों को संभाला।
यह भी पढ़ें : वाराणसी में आठवीं तक के स्कूल 8 फरवरी तक रहेंगे बंद, सामने आई ये वजह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप