बड़ी ख़बरविदेश

इजरायल ने हमास के साथ हुए संघर्ष विराम के बाद उठाया बड़ा कदम, फलस्तीनियों को मिली राहत

Israel-Hamas : हमास के साथ हुए युद्ध विराम समझौते के बाद इजरायल की तरफ से बड़ा कदम उठाया गया है। इजरायल ने गाजा के उत्तरी क्षेत्र में फलस्तीनियों को लौटने की इजाजत दे दी है। युद्ध के दौरान गाजा का उत्तरी क्षेत्र बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।

इजरायल ने हमास के साथ पन्द्रह महीने के युद्ध के बाद संघर्ष विराम लागू होने पर पहली बार फलस्तीनियों को गाजा के उत्तरी क्षेत्र में लौटने की अनुमति दी है। इस युद्ध के कारण गाजा पट्टी का उत्तरी क्षेत्र पूरी तरह से तबाह हो चुका है। ये अनुमति मिलने के बाद कई दिनों से अपने क्षेत्र में लौटने का इंतजार कर रहे हजारों फलस्तीनी सोमवार को उत्तर की ओर बढ़े।

बंधकों के क्रम में बदलाव किया

हमास और इजरायल के बीच विवाद की वजह से उत्तरी क्षेत्र में लोगों की वापसी में देरी हुई। वहीं इजरायल का आरोप था कि आतंकवादी समूह ने सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों के बदले में रिहा किए जाने वाले बंधकों के क्रम में बदलाव किया था। हालांकि, वार्ताकारों ने देर रात विवाद सुलझा लिया।

विनाशकारी युद्ध को समाप्त करना

संघर्ष विराम का उद्देश्य इजरायल और हमास के बीच अब तक के सबसे घातक और विनाशकारी युद्ध को समाप्त करना है। संघर्ष विराम का मकसद यह भी है कि सात अक्टूबर, 2023 को आतंकवादियों द्वारा इजरायल को निशाना बनाकर किए गए हमले में पकड़े गए कई बंधकों की रिहाई सुनिश्चित हो सके। इस हमले के बाद इजरायल ने हमास के खिलाफ युद्ध की शुरुआत की थी।

सबसे अधिक नुकसान हुआ

इजरायल और हमास युद्ध के शुरुआती दिनों में इजरायल ने उत्तरी क्षेत्र को पूरी तरह से खाली करने का आदेश दिया था और जमीनी सैनिकों के आने के कुछ समय बाद ही इसे सील कर दिया था। साल 2023 में करीब दस लाख लोग दक्षिण की तरफ पलायन कर गए और उन्हें वापस लौटने की अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं लाखों लोग उत्तरी क्षेत्र में रह गए जहां युद्ध के दौरान सबसे अधिक नुकसान हुआ।

उल्लंघन का आरोप लगाया

इजरायल ने कहा था कि वह तब तक फलस्तीनियों को उत्तर की तरफ जाने की अनुमति नहीं देगा जब तक कि महिला नागरिक बंधक अर्बेल येहूद को रिहा नहीं कर दिया जाता। इजरायल ने यह भी आरोप लगाया कि हमास ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी कि रिहा किए जाने वाले शेष बंधक जीवित हैं या मृत। इसके बदले में हमास ने इजरायल पर क्रॉसिंग नहीं खोलकर समझौते का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया।

सहमति बन गई

हमास के साथ प्रमुख वार्ताकार एवं मध्यस्थ खाड़ी देश कतर ने सोमवार के दिन घोषणा की है कि शुक्रवार से पहले येहूद तथा दो अन्य बंधकों को रिहा करने पर सहमति बन गई है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि बंधकों की रिहाई बृहस्पतिवार को होगी। बंधकों में महिला सैनिक अगम बर्गर भी शामिल हैं। यह रिहाई अगले शनिवार को पहले से तय की गई रिहाई के अलावा होगी।

यह भी पढ़ें : जीतन राम मांझी ने की आचार्य किशोर कुणाल को भारत रत्न देने की मांग, बताई वजह

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button