CM मान ने भारतीय हॉकी टीम को दी बधाई, पंजाब के हर खिलाड़ी को एक-एक करोड़ देने का किया ऐलान

Paris Olympic 2024

CM भगवंत मान

Share

Paris Olympic 2024 : पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को हरा कर ब्रॉन्ज मेडल जीता. टीम की जीत पर भारत के प्रधानमंत्री और पंजाब के CM भगवंत मान सहित तमाम नेताओं ने टीम को बधाई दी. अब भारतीय हॉकी टीम में शामिल पंजाब के खिलाड़ियों के लिए पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बड़ा ऐलान किया है.

यहां एक बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने कांस्य पदक के लिए हुए मैच के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन कर स्पेन को 2-1 से हराकर पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित मैच में भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपनी टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।

हॉकी टीम में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और वाइस-कप्तान सहित 10 खिलाड़ी पंजाब के हैं, जिन्होंने ओलंपिक खेलों में शानदार हॉकी खेली। हरमनप्रीत सिंह ने 10 गोल किए। इन खिलाड़ियों को राज्य सरकार की नीति के अनुसार एक-एक करोड़ रुपए के नकद इनाम से नवाजा जाएगा।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि 52 साल बाद पहली बार भारत ने ओलंपिक्स में हॉकी में लगातार दो बार पदक जीता है। भारत ने टोक्यो और पेरिस में हुई ओलंपिक खेलों में अब लगातार दो पदक जीते हैं। इससे पहले लगातार दो पदक 1968 में मैक्सिको और 1972 में म्यूनिख में जीते गए थे।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि यह ऐतिहासिक जीत देश में राष्ट्रीय खेल की पुरानी शान को बहाल करने का मार्ग प्रशस्त करेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि स्पेन के खिलाफ इस शानदार जीत से पूरी टीम ने देश को गौरवान्वित किया है और यह जीत खेल इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगी। टीम की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि टीम ने एक बार फिर देश के महान हॉकी खिलाड़ियों की शानदार विरासत को बनाए रखा है।

बता दें कि भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस मैच में शानदार खेल दिखाया. स्पेन के खिलाफ उन्होंने ही दोनों गोल किए. इस ओलंपिक के दौरान हरमनप्रीत ने कुल 10 गोल किए हैं.

रिपोर्टः अमित कुमार, संवाददाता, चंडीगढ़

यह भी पढ़ें : PM मोदी का ट्वीट ‘एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी’, केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने भी दी बधाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप