Uttar Pradesh

UP: दिवाली से पहले अयोध्या में योगी कैबिनेट की बैठक, प्राण प्रतिष्ठा के साथ और भी मुद्दों पर होगी चर्चा

दिवाली से पहले 11 नवंबर को अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक होनी है। 9 नवंबर को अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय कथा धाम में योगी कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर फैसला होगा। योगी कैबिनेट की बैठक किसी शहर में होने का यह पहला उदाहरण नहीं है। इससे पहले, 2019 के कुंभ में प्रयागराज में कैबिनेट की बैठक हुई थी, जिसमें गंगा एक्सप्रेसवे की घोषणा की गई थी।

चुनाव से पहले राम मंदिर का मुद्दा

योगी कैबिनेट की इस बैठक को जो दीपावली से पहले अयोध्या में होने वाली है उसे बहुत ही महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। अयोध्या के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव इस बैठक में पारित किये जायेंगे। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है उससे पहले ही अयोध्या में कैबिनेट बैठक होगी जिसे बहुत महत्वपूर्ण कहा जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव भी चल रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी राज्यों में प्रसिद्ध प्रचारक हैं। यही कारण है कि वह भी राम मंदिर का मुद्दा जोरशोर से उठाते हैं।

8 नवंबर तक जारी हो सकता है कैबिनेट  का एजेंडा

अभी तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जल मार्ग प्राधिकरण के गठन सहित अन्य प्रस्तावों को बैठक में मंजूरी दी जाएगी। इस कैबिनेट बैठक में अयोध्या से संबंधित कुछ अतिरिक्त महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है। सोमवार 6 नवंबर को शासन ने सभी कैबिनेट मंत्रियों को गुरुवार सुबह 11.30 बजे से शुरू होने वाली कैबिनेट बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि बुधवार 8 नवंबर तक कैबिनेट का एजेंडा जारी किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें- Israel-Hamas war: हमास के बाद अब गाजा पर वार, मौत के आकड़े 10,000 के पार

Related Articles

Back to top button