Delhi NCR

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बवाल, दागे गए आंसू गैस के गोले, हिरासत में लिए गए कई प्रदर्शनकारी

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के एक और दिग्गज नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजधानी में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। संजय सिंह आज न्यायालय में पेश होंगे। आम आदमी पार्टी के दिल्ली दफ्तर पर संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली से मुंबई तक विरोध प्रदर्शन हो रहा है। मुंबई में आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

दिल्ली में AAP कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। यहां नारेबाजी की गई। गुरुवार सुबह से ही AAP मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेताओ के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां AAP नेताओं ने संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ नारे लगाए। AAP नेताओं के संबोधन के बाद प्रदर्शनकारियों ने भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों के हाथ में ‘संजय सिंह नहीं झुकेगा’ और ‘I.N.D.I.A’ के पोस्टर थे। संजय सिंह के पिता भी AAP दफ्तर में विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए।

इस पर आप नेता आतिशी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ट्विट कर लिखा……….

”बीजेपी वालों का डर ना जाने उन्हें और कितना गिराएगा. चुनाव के पहले INDIA से इनके हारने की बौखलाहट साफ दिख रही है. मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन के बाद रेड सरकार ने बुलंदी से जनता की आवाज उठाने वाले संजय सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया.  ईडी का एक दफ़्तर हमारे पार्टी कार्यालय में ही क्यों नहीं खोल लेते? लगता है कि AAP पर झूठे आरोप लगाकर ही इनका गुज़ारा होता है.” 

बताते चलें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार के खिलाफ संजय सिंह देश की सबसे बुलंद आवाज हैं और यही इनको बर्दाश्त नहीं हो रहा था।

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल ने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ देर रात घर जाकर उनके परिवार से मुलाकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी को यह गलतफहमी है कि इन गिरफ्तारियों से हम डर और झुक जाएंगे। हम इससे डरने-झुकने वाले लोग नहीं हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने श्री सिंह का सारा घर छान मारा, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद भी उनको गिरफ्तार किया गया। उन्होंने श्री सिंह के परिवार के साथ कुछ देर तक बात की और भरोसा दिया कि पूरी पार्टी उनके साथ मजबूती के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अगर हम इन लोगों की तरह बेइमान हो जाएं, तो हमारी सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। हम कट्टर ईमानदार हैं और इसी वजह से ये सारी समस्याएं आ रही हैं। इनकी सबसे बड़ी दुखती रग यही है कि ये सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचारी हैं। इन लोगों के पास हमारी ईमानदारी का काउंटर नहीं है। इन्होंने हमें बदनाम करने की खूब कोशिशें कीं।

ये भी पढ़ें: सपा के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह के ऊपर योगी मेहरबान, हॉकी स्टेडियम के लिए दिए 4 करोड़ 87 लाख

Related Articles

Back to top button