
राजधानी दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने बुधवार को ऑर्डिनेंस के खिलाफ पदयात्रा और पुतलादहन किया। इस दौरान अध्यादेश की प्रतियां जलाई गई। विरोध प्रदर्शन में आप के विधायक दुर्गेश पाठक ऋतुराज झा कुलदीप कुमार व जरनैल सिंह आदि शामिल थे।
अध्यादेश को बताया असंवैधानिक
अध्यादेश के मुद्दे पर आप का कहना है कि इससे दिल्ली की चुनी हुई सरकार के अधिकार छीने गए हैं। एलजी के जरिए भाजपा असंवैधानिक तरीके से दिल्ली पर कब्जा करना चाहती है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार और आम आदमी पार्टी की मांग है कि सरकार अध्यादेश को वापस ले।

एक हफ्ते जलाई जाएंगी अध्यादेश की प्रतियां
बता दें कि 6 से 13 जुलाई तक दिल्ली के हर मोहल्ले, गली और चौराहे पर अध्यादेश की प्रतियां जलाई जाएंगी। आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली की जनता ने यह मन बना लिया है कि जब तक इस अध्यादेश को वापस नहीं लिया जाता, तब तक इस अध्यादेश से दिल्ली को होने वाले नुकसान के बारे में हर गली-मोहल्ले में लोगों को जागरुक किया जाएगा।

ये है पूरा मामला
दरअसल यह पूरा मामला दिल्ली में अफसरों की नियुक्ति और तबादले से जुड़ा है। मामला लंबे वक्त से न्यायपालिका के अधीन था। वहीं 11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर का अधिकार दिल्ली की चुनी हुई सरकार को दे दिया। वहीं एक हफ्ते बाद केंद्र सरकार द्वारा ऑर्डिनेंस लाया गया।
आप ने कहा है कि एक सप्ताह बाद ही केंद्र ने एक अध्यादेश लाकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलट दिया और दिल्ली की चुनी हुई सरकार को मिले सारे अधिकार वापस ले लिए हैं।