
रूस में वैगनर ग्रुप के विद्रोह को लेकर एक अमेरिकी अखबार ने कई खुलासे किए हैं। इस बीच वैगनर बॉस के बारे में एक नए खुलासे ने दुनिया को चौंका दिया है। अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन के खिलाफ विद्रोह करना वैगनर बॉस का असली प्लान नहीं था। जान लें कि यूक्रेन के जंग में व्लादिमीर पुतिन का साथ देने वाले वैगनर ग्रुप ने ही रूस के खिलाफ विद्रोह छेड़ दिया था। यह मामला उस वक्त सामने आया, जब प्रिगोझिन ने दावा किया था कि रूस की मिलिट्री ने वैगनर कैंप पर हमला किया और उसके कई लोगों को मार गिराया। प्रिगोझिन ने कहा था कि रूस के हमले के बाद उसने बदला लेने की ठानी और विद्रोह छेड़ने के लिए अपनी सेना तैयार कर ली।
अमेरिकी अखबार ने किया खुलासा
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिगोझिन का असली प्लान रूस के टॉप 2 अधिकारियों को अगवा करने का था। इसके मुताबिक, प्रिगोझिन असल में रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु (Sergei Shoigu) और टॉप सेना जनरल वालेरी गेरासिमोव (Valery Gerasimov) का अपहरण करना चाहता था, जब दोनों यूक्रेन बॉर्डर के पास के एक क्षेत्र के दौरे पर गए थे। रूस के फेडरल सिक्योरिटी सर्विसेज को इस प्लान की सूचना दो दिन पहले मिल गई थी, जिसके कारण प्रिगोझिन को अपना प्लान बदलना पड़ा और उसने रूस में विद्रोह छेड़ दिया।
पुतिन से उनके ही एक सीनियर अधिकारी ने की गद्दारी?
इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि क्रेमलिन के अंदर के ही अधिकारियों ने पुतिन के साथ गद्दारी करने की कोशिश की है। अखबार के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने अपने सीनियर्स को जानकारी दी थी कि वो इस बात की पुष्टि करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि यूक्रेन में पूर्व टॉप रूसी कमांडर जनरल सर्गेई सुरोविकिन का इस विद्रोह में हाथ था या नहीं, जिसने पुतिन की सत्ता के 23 साल को चुनौती देने का प्रयास किया है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना था कि रूस के इस विद्रोह में कई अन्य रूसी अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने प्रिगोझिन की मदद से रूसी रक्षा मंत्री के सत्ता परिवर्तन का प्रयास किया।