Madhya Pradeshबड़ी ख़बर

CM मोहन यादव ने इंदौर में 76वें गणतंत्र दिवस पर किया ध्वजारोहण

76th Republic Day Celebration : मध्यप्रदेश में आज 76वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के नेहरू स्टेडियम में सुबह 9 बजे तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के बाद खुले जीप में सवार होकर भव्य परेड की सलामी ली। इस दौरान सीएम के साथ कलेक्टर आशीष सिंह भी मौजूद रहे। 

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन की शुरुआत देश और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए की। इसके बाद उन्होंने कहा- ये दिन हमारे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को नमन करने का है। हम उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को कृतज्ञता के साथ याद करते हैं, जिन्होंने अपना जीवन देश की आजादी के लिए समर्पित किया। आज हमारा कर्तव्य है कि हम उनके सपनों को साकार करें और एक समृद्ध भारत का निर्माण करें।

हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक ग्रंथ है

संविधान की सराहना करते हुए सीएम ने कहा, ‘हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक ग्रंथ है। ये हमारे अधिकारों की रक्षा करता है और हमें हमारे कर्तव्य याद दिलाता है। हमें एक नागरिक के रूप में अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझना होगा और उनके प्रति समर्पित बने रहना होगा।

सीएम ने आंबेडकर को किया याद

मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस पर डॉ. बीआर आंबेडकर को याद करते हुए कहा कि देश का संविधान बनाने में उनकी अविस्मरणीय भूमिका रही है। यादव ने कहा कि देश का संविधान नागरिकों को गौरव और स्वाभिमान के साथ उनके कर्तव्यों और अधिकारों का बोध भी कराता है। आंबेडकर ने ब्रितानी राज के सैन्य अफसर रामजी मालोजी सकपाल और भीमाबाई की संतान के रूप में 14 अप्रैल 1891 को इंदोर के पास महू के काली पलटन इलाके में जन्म लिया था।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महिला कल्याण और सशक्तिकरण पर कहा कि यह मुद्दा सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। सीएम ने कहा कि, हम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाएं चला रहे हैं। महिला सहायता समूहों को आर्थिक सहायता दी जा रही है और स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल को मजबूत किया गया है।

युवाओं को बताया प्रदेश का भविष्य

सीएम ने युवाओं को प्रदेश का भविष्य बताते हुए कहा कि ‘हमारे युवा प्रदेश को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की क्षमता रखते हैं। उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए हर जिले में आधुनिक स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। शिक्षा और कौशल विकास के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं, ताकि युवा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।’

कृषि को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। हम किसानों को उन्नत तकनीक और प्रशिक्षण देने की व्यवस्था कर रहे हैं। उनकी फसलों का सही मूल्य सुनिश्चित करने के लिए मंडियों को डिजिटल किया जा रहा है। कृषि योजनाओं में सब्सिडी बढ़ाई गई है, ताकि हर किसान आत्मनिर्भर बन सके।

सीएम ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं में हुए सुधारों का उल्लेख किया

सीएम ने प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘हमने हर जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित कीं। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना से लाखों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में हमने डिजिटल शिक्षा और ऑनलाइन कक्षाओं को बढ़ावा दिया, ताकि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।’

उन्होंने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि सूबे के नागरिकों को मद्य निषेध के लिए जागरूक किया जा रहा है और इस काम में समाज व सरकार के साझे प्रयासों से ही सफलता मिल सकती है। यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने साधु-संतों और सामाजिक संगठनों के सुझावों पर प्रदेश के धार्मिक नगरों में शराब की दुकानें बंद करने का निर्णय किया है।

शराब बंदी पहले की तरह रहेगी

उन्होंने कहा, प्रदेश में नर्मदा नदी के दोनों किनारों पर शराबबंदी पहले की तरह रहेगी। यादव की अगुवाई में महेश्वर में 24 जनवरी को संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में सूबे के धार्मिक नगरों में शराब की दुकानें बंद करने का निर्णय किया गया था।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 2025 को उद्योग और रोजगार वर्ष घोषित किया है। यादव ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर संपन्न सात क्षेत्रीय औद्योगिक सम्मेलनों और देश-दुनिया के प्रमुख शहरों में आयोजित कार्यक्रमों से राज्य सरकार को 4.17 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों के मूर्त रूप लेने पर चार लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।

यह भी पढ़ें : पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें वजह

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button