Uttar Pradesh

प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव, कांग्रेस में है बिना गठबंधन के जीत की क्षमता- अजय लल्लू

लखनऊ: कांग्रेस साल 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर जीत का दावा कर रही है। वैसे तो अभी तक के हालातों को देखा जाए तो यूपी में कांग्रेस आईसीयू में पड़ी है, लेकिन यूपी कांग्रेस के नेता अजय कुमार लल्लू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस अपने दम पर लड़ेगी। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ तौर पर ऐलान किया है कि कांग्रेस में सपा और बसपा से गठबंधन किए बिना चुनाव लड़ने की और अपने दम पर अगली सरकार बनाने की क्षमता है।

लल्लू ने यूपी चुनाव को लेकर आगे कहा, “कांग्रेस अगले साल के उत्तर प्रदेश विधानससभा चुनाव प्रियंका गांधी वाड्रा की ‘देख-रेख’ में लड़ेगी और उनके नेतृत्व में पार्टी करीब तीन दशक बाद राज्य में वापसी करेगी। लल्लू ने कहा कि कांग्रेस दमनकारी उत्तर प्रदेश सरकार को चुनौती देने वाली मुख्य पार्टी के तौर पर उभरी है। अजय कुमार लल्लू ने दावा किया कि 403 सदस्यीय विधानसभा में महज पांच विधायकों के साथ उनकी पार्टी 49 विधायकों वाली सपा से ज्यादा प्रभावी विपक्ष के रूप में साबित हुई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में बदलाव की हवा है। उन्होंने कहा कि बदलाव की आंधी है जिसका नाम प्रियंका गांधी है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में राज्य में अलग-अलग स्तरों पर कांग्रेस संगठन मजबूत हुआ है। कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाएगी। इस लल्लू ने एएनआई न्यूज एजेंसी से कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसे चेहरा बनाया जाएगा इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। हालांकि, अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रियंका गांधी राज्य की प्रभारी हैं और चुनाव उनकी देखरेख में लड़ा जाएगा। 

अजय कुमार लल्लू ने कहा, “उत्तर प्रदेश के लोग उम्मीद से कांग्रेस की तरफ देख रहे हैं। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के बीच बहुत उत्साह है, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।” कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की ने ये बात उस वक्त कही है, जब पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। प्रदेश इकाई ने प्रखंड अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों के लिए क्षेत्रवार प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन शुरू कर दिया है।

आपको बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जुलाई में उत्तर प्रदेश के कई जिलों का दौरा कर सकती हैं। इस दौरान प्रियंका का लक्ष्य कैडर को उत्साहित करना और सत्ताधारी भाजपा के साथ सियासी जंग के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को तैयार करना है। यूपी चुनाव में गठबंधन के सावाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दो टूक कहा है कि कांग्रेस लोगों, किसानों, गरीबों, महिलाओं एवं दलितों के मुद्दों के साथ गठबंधन करेगी।

Related Articles

Back to top button