Uttar Pradesh

UP चुनाव से पहले BJP से गठबंधन तोड़ेंगे संजय निषाद? आरक्षण पर दिया बड़ा बयान, बोले- ‘अगर…’

UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज के आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है. एनडीए के सहयोगी और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा है कि अगर निषाद समाज के आरक्षण पर फैसला नहीं हुआ तो समाज को दूसरा रास्ता तलाशना पड़ सकता है. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ने की संभावना है. संजय निषाद ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग अपने समाज को अधिकार दिलाने की है और भारतीय जनता पार्टी को इस मुद्दे का समाधान निकालना चाहिए.

मीडिया से बातचीत में संजय निषाद ने कहा कि वह आज जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके समाज की अहम भूमिका है. इसलिए समाज के हितों की बात करना उनकी जिम्मेदारी है, उन्होंने कहा, “मैं वकील हूं, तो वकालत करूंगा. अपने समाज की आवाज उठाऊंगा. समाज ने मुझ पर भरोसा किया है. निषाद समाज की वजह से मैं और मेरी पार्टी है.”

उन्होंने कहा कि वह किसी से भीख नहीं मांग रहे, बल्कि अपने समाज का हक मांग रहे हैं. उनके मुताबिक, निषाद समुदाय के आरक्षण से जुड़े सवालों पर गंभीरता से विचार होना चाहिए.

बीजेपी अपने ही मुद्दे का समाधान करे

संजय निषाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को निषाद समाज की मांग पर फैसला लेना चाहिए, उन्होंने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के निषाद समुदाय की स्थिति का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि दोनों जगहों पर अलग-अलग व्यवस्था क्यों है, उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है.

संजय निषाद ने BJP तक पहुंचाई बात

किसी दूसरे राजनीतिक दल के साथ जाने के सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि अगर जरूरतें पूरी नहीं होंगी तो समाज को आगे का रास्ता सोचना पड़ेगा, उन्होंने बच्चे और मां का उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक बच्चा रोता नहीं, मां उसकी जरूरत नहीं समझती.

मंत्री ने साफ किया कि वह अपनी बात भाजपा तक पहुंचा चुके हैं. अब आगे क्या करना है, इसका फैसला समाज करेगा. उनके इस बयान से विधानसभा चुनाव से पहले निषाद आरक्षण का मुद्दा फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है.

ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी विवाद में राजपाल यादव की एंट्री, मंत्री सुबोध उनियाल को सुनाई खरी-खरी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button