Uttar Pradesh

शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच तेज, श्रद्धा दुबे से पूछताछ, चोटों के निशान और वायरल ऑडियो पर फोकस

Shiva Sharma Death Case : लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. इस मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश उर्फ तनवीर अली पुलिस की गिरफ्त में हैं. नागपुर से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पुलिस अलग-अलग पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य उद्देश्य 9 अक्टूबर की शाम अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुई घटनाओं की कड़ियां जोड़ना और शिवा की मौत की असली वजह का पता लगाना है.

शिवा शर्मा की मौत हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी. पुलिस श्रद्धा से यह जानने की कोशिश कर रही है कि उस शाम फ्लैट में कौन-कौन मौजूद था और शिवा किन परिस्थितियों में नीचे गिरा. परिवार ने श्रद्धा पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं, हालांकि मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

शरीर पर चोट के निशान कैसे आए?

जांच में शिवा के शरीर पर मिले चोटों के निशान भी अहम माने जा रहे हैं. परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके शरीर पर चोट और जलने के निशान थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत से पहले शरीर पर 10 से 11 चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये चोटें कैसे लगीं और क्या मौत से पहले शिवा के साथ मारपीट हुई थी.

वायरल ऑडियो और रिश्ते की भी होगी जांच

पुलिस श्रद्धा और शिवा के संबंधों को लेकर भी सवाल कर रही है. सोशल मीडिया पर सामने आए कथित ऑडियो में धमकी दिए जाने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है. जांचकर्ता यह जानना चाहते हैं कि दोनों के बीच किस तरह का रिश्ता था और क्या शिवा पर किसी तरह का दबाव बनाया गया था.

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि लखनऊ से नेपाल और फिर नागपुर तक पहुंचने में आरोपियों की मदद किसने की. फरारी के दौरान ठहरने, पैसों और कानूनी सहायता की व्यवस्था किसने की, इसकी भी जांच हो रही है. पुलिस को शक है कि पहचान छिपाने और गिरफ्तारी से बचने के लिए कुछ तरीके अपनाए गए थे. अब तीनों आरोपियों के अलग-अलग बयानों का मिलान कर मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है.

ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी विवाद में राजपाल यादव की एंट्री, मंत्री सुबोध उनियाल को सुनाई खरी-खरी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button