Cold From AC : गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, और ऐसे में लोग ठंडक पाने के लिए एयर कंडीशनर ए.सी का इस्तेमाल बढ़ा देते हैं. हालांकि ए.सी आराम देता है, लेकिन कई लोगों के लिए यह परेशानी का कारण भी बन सकता है. खासकर रात में AC में सोने के बाद कुछ लोगों को गले में खराश, सूखापन और दर्द की समस्या होने लगती है. कई बार लोग सुबह उठते ही गला बैठा हुआ महसूस करते हैं या बोलने में कठिनाई होती है.
इसके अलावा खांसी, गले में जलन और बार-बार पानी पीने की जरूरत महसूस होना भी आम लक्षण हैं. छोटे बच्चे, बुजुर्ग, एलर्जी या अस्थमा के मरीज और जिनकी इम्यूनिटी कमजोर होती है, उन्हें इसका खतरा अधिक रहता है. अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या बार-बार होने लगती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि AC में सोने से कुछ लोगों का गला बार-बार खराब क्यों हो जाता है.
ठंडी और सूखी हवा का प्रभाव
बता दें कि AC में सोने के दौरान कमरे की हवा ठंडी और सूखी हो जाती है, जिससे गले की नमी प्रभावित होती है. लंबे समय तक ठंडी हवा सीधे गले और शरीर पर पड़ने से गले की सतह सूखने लगती है और जलन महसूस होने लगती है. इसके अलावा, AC के फिल्टर में जमा धूल, बैक्टीरिया और एलर्जेंस भी हवा के साथ फैल सकते हैं, जो गले में इंफेक्शन या एलर्जी का कारण बन सकते हैं.
तापमान में अचानक बदलाव, जैसे गर्म माहौल से सीधे ठंडे कमरे में जाना भी गले पर असर डालता है. जिन लोगों को पहले से सर्दी, जुकाम या एलर्जी की समस्या होती है, उनमें यह दिक्कत सबसे अधिक देखने को मिलती है. यही कारण है कि लोगों को AC में सोने के बाद बार-बार गला खराब होने की समस्या होती है.
AC में सोते समय सावधानियां
अगर AC में सोने के बाद गला बार-बार खराब होता है, तो कुछ सावधानियां बरतना जरूरी हैं. AC का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रखें और ठंडी हवा सीधे चेहरे या गले पर न आए. कमरे में नमी बनाए रखने के लिए ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल जरूर करें.
दिनभर पर्याप्त पानी पीएं. सोने से पहले गुनगुना पानी पीना और हल्का नमक वाला पानी से गरारे करना भी मदद करता है. AC के फिल्टर को समय-समय पर साफ करना भी जरूरी है. गले की सेहत के लिए बहुत ठंडी चीजें, जैसे आइसक्रीम या ठंडे ड्रिंक्स, से बचे. संतुलित डाइट लें और नियमित व्यायाम करें. पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है. अगर समस्या बार-बार हो या लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लें.
ये भी पढ़ें – आप मुख्यालय पर हर्षोल्लास से मनाया गया सांसद संजय सिंह का जन्मदिन, कार्यकर्ताओं में ख़ुशी का माहौल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









