Celebrity Wedding : भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. दोनों का विवाह समारोह 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में आयोजित किया जाएगा. शादी में देश-विदेश से मेहमानों के पहुंचने की संभावना है. राजनीतिक, प्रशासनिक और क्रिकेट जगत से जुड़े कई प्रमुख लोगों को भी समारोह में आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई है.
प्रिया सरोज के पिता और समाजवादी पार्टी विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि दोनों परिवारों की सहमति के बाद शादी की तारीख और स्थान तय किया गया है. विवाह समारोह पूरे विधि-विधान के साथ आयोजित किया जाएगा. शादी की तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली गई हैं.
पिता के निधन के बाद टली थी शादी
इससे पहले रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी वाराणसी के ताज होटल में प्रस्तावित थी, लेकिन रिंकू सिंह के पिता के निधन के बाद विवाह कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा था. अब परिवारों ने दोबारा तैयारियां पूरी कर ली हैं. दोनों की सगाई जून 2025 में हुई थी, जिसके बाद से यह जोड़ी लगातार चर्चा में बनी हुई है.
ऐसे शुरू हुई थी दोनों की बातचीत
एक साक्षात्कार में प्रिया सरोज ने बताया था कि रिंकू सिंह से उनकी बातचीत की शुरुआत उनकी बहन के फूड ब्लॉगिंग पेज को बढ़ावा दिलाने के सिलसिले में हुई थी. किसी व्यक्ति ने उन्हें रिंकू के बारे में बताया था, जिसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर रिंकू को खोजा.
प्रिया के मुताबिक, उस समय रिंकू सिंह के करीब 1.20 लाख फॉलोअर्स थे, जबकि उनके खुद के करीब एक हजार फॉलोअर्स थे. रिंकू ने उनकी पोस्ट को पसंद किया और करीब पांच दिन बाद खुद संदेश भेजा. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई.
क्रिकेट में सफलता के बाद रिश्ते को मिली मंजूरी
प्रिया सरोज ने बताया था कि शुरुआती दिनों में उनके भाई और रिंकू सिंह के साथी नीतीश राणा के जरिए भी बातचीत होती रही. साल 2022 में रिंकू ने शादी की बात कही थी, लेकिन उस समय प्रिया न्यायिक सेवा की तैयारी कर रही थीं और शादी के लिए तैयार नहीं थीं.
प्रिया के अनुसार, उनके पिता सरकारी नौकरी करने वाले लड़के को प्राथमिकता देते थे. रिंकू ने कहा था कि भारतीय टीम में चयन के बाद परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत हो जाएगा. साल 2023 में रिंकू के शानदार प्रदर्शन और भारतीय टीम में चयन के बाद परिस्थितियां बदलीं. प्रिया ने बताया कि 2024 के बाद उनके रिश्तेदार ने पिता को इस रिश्ते की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तारीख तय की गई.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









