Weather Update : मॉनसून की विदाई से पहले एक बार फिर देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में 14 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है, वहीं पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली-NCR में फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत खुला रहने का अनुमान है. हालांकि 11 से 14 सितंबर के बीच दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में फिर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम में बदलाव के पीछे सक्रिय मॉनसून सिस्टम को प्रमुख वजह माना जा रहा है.
पूर्वी भारत में तेज बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक पूर्वी भारत के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में 10 सितंबर से भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. पश्चिम बंगाल में 11 से 14 सितंबर, झारखंड में 12 से 14 सितंबर और बिहार में 10 से 13 सितंबर तक बारिश के साथ आंधी, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.
मध्य प्रदेश में 12 से 14 सितंबर और छत्तीसगढ़ में 10 से 14 सितंबर तक बारिश का दौर रहने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11 सितंबर तक बारिश हो सकती है. विदर्भ में भी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट है.
पहाड़ों से पूर्वोत्तर तक बारिश का असर
हिमाचल प्रदेश में 13-14 सितंबर और उत्तराखंड में 10-14 सितंबर तक बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी है. अरुणाचल प्रदेश में 10 से 14 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि असम और मेघालय में 12 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट है.
महाराष्ट्र और गोवा के कोंकण क्षेत्र में 14 सितंबर तक बारिश हो सकती है, जबकि मराठवाड़ा में 12 सितंबर को व्यापक बारिश का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ट्रफ पूर्व से पश्चिम दिशा में सक्रिय है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है, जबकि हरियाणा के आसपास भी ऐसा सिस्टम सक्रिय हो रहा है. इन्हीं मौसमी परिस्थितियों के चलते आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें – यूपी का मतलब अल्टीमेट पोटेंशियल, टेक्सटाइल सेक्टर बनेगा नई औद्योगिक ताकत: सीएम योगी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप



