
Up Weather : उत्तर प्रदेश में गर्मी की रफ्तार फिलहाल थमती नजर आ रही है। बीते दिनों सक्रिय रहे मौसमीय विक्षोभ के कारण प्रदेश में नौतपा का असर कुछ कम हुआ है। अब 4 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते पश्चिमी यूपी के करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ जैसे जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में गिरावट के आसार
मौसम विभाग के अनुसार इस विक्षोभ के प्रभाव से जिन क्षेत्रों में इसका असर अधिक रहेगा, वहां अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसका प्रभाव राज्य के किन-किन हिस्सों तक पूरी तरह पहुंचेगा।
कुछ जिलों में बढ़ा तापमान
पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। बुधवार को लगभग 10 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। बस्ती जिला 42 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
पूर्वी यूपी तक पहुंच सकता है असर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 5 और 6 जून तक इस पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैल सकता है। इस दौरान इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश की संभावना भी जताई गई है।
इन जिलों में असर की संभावना
गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें – मान सरकार ने प्राइवेट स्कूलों द्वारा मनमर्ज़ी की फीसें बढ़ाने पर लगाई रोक, उल्लंघन पर मान्यता होगी रद्द
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









