Uttar Pradesh

आगरा में UP Rise 2026 का आयोजन, युवाओं के 30 स्टार्टअप आइडिया को मिला मंच

Agra UP Rise 2026 : आगरा में मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में ‘यूपी राइज 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘आत्मनिर्भर यूपी’ विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक आत्रेय मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाले की बजाय खुद का उद्यम शुरू कर रोजगार देने वाला बनाने के लिए प्रेरित करना रहा.

नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम में युवाओं को प्रदेश सरकार की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं और नीतियों की जानकारी दी गई. विशेषज्ञों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, यूपी स्टार्टअप फंड, मुख्यमंत्री अभ्युदय निशुल्क कोचिंग योजना और यूपी स्किल मिशन जैसी योजनाओं के बारे में बताया.

इसके अलावा कन्या सुमंगला योजना, फ्री टैबलेट और स्मार्टफोन योजना तथा महिला सामर्थ्य योजना के जरिए मिलने वाली सहायता और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई. विशेषज्ञों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को अपने स्टार्टअप और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद देना है.

छात्रों के स्टार्टअप आइडिया ने खींचा ध्यान

‘यूपी राइज 2026’ में आगरा के युवाओं ने अपने नए और रचनात्मक स्टार्टअप आइडिया पेश किए. कार्यक्रम में कुल 30 स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 11 बेहतरीन आइडिया को शॉर्टलिस्ट किया गया.

इनमें कलाकारों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित बाजार मंच ‘Kalaverse’, निर्माण क्षेत्र की योजना को आसान बनाने वाला ‘Build Easy AI’, अनदेखे पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने वाला ‘Hidden India’ और बेकरी क्षेत्र के लिए ‘Organic floral cream color’ जैसे आइडिया शामिल रहे.

इसके अलावा ई-रिक्शा चालकों की बैटरी समस्या के समाधान के लिए ‘Saathi EV’, हस्तशिल्प को बढ़ावा देने वाला ‘The Craft Duo’ और मंदिरों के कचरे से उपयोगी उत्पाद बनाने वाला ‘Temple 2 Green’ जैसे पर्यावरण आधारित प्रोजेक्ट भी चर्चा में रहे.

Re-Oil ने जीता पहला पुरस्कार

जूरी और उद्योग विशेषज्ञों के सामने शानदार प्रस्तुति देने वाले ‘Re-Oil’ स्टार्टअप ने पहला स्थान हासिल किया. इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल के लिए डिजिटल बाजार मंच तैयार करने वाले इस स्टार्टअप को 25 हजार रुपये का मुख्य पुरस्कार दिया गया. वहीं छात्रों की पढ़ाई को व्यवस्थित करने वाले ‘Study App’ और सोलर पैनल की सफाई के लिए रोबोटिक ब्रश तकनीक वाले ‘Solar Sweep’ को संयुक्त रूप से रनरअप घोषित किया गया.

कार्यक्रम में छात्रों को मार्गदर्शन देने के लिए कॉर्पोरेट विशेषज्ञ हर्षित देसाई, कपिल त्रिमाल और विवेक गोयल बतौर मेंटर मौजूद रहे. यूपी राइज कार्यक्रम प्रदेश के 25 शहरों के 30 प्रमुख कॉलेजों में आयोजित किया जाएगा. इसका अगला आयोजन 18 सितंबर 2026 को मथुरा स्थित जीएलए विश्वविद्यालय में होगा.

युवा अपनी सोच से बदल सकते हैं भविष्य

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने विद्यार्थियों के प्रयासों और नए विचारों की सराहना की, उन्होंने कहा कि छात्रों में नवाचार और उद्यमशीलता की अपार क्षमता है. ऐसे मंच युवाओं को अपनी रचनात्मकता दिखाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देते हैं.

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए सक्षम बनाना है. आज के युवा अपनी सोच और प्रयासों से खुद के साथ-साथ समाज और प्रदेश के आर्थिक विकास में योगदान दे सकते हैं.

ये भी पढ़ें – एससी विद्यार्थियों को बड़ी राहत, डॉ. अंबेडकर छात्रवृत्ति पोर्टल 17 सितंबर तक दोबारा खुला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button