Punjab

दुबई में UAE निवेशकों को पंजाब में इन्वेस्ट का निमंत्रण, राज्य सरकार ने पूर्ण सहयोग का दिया भरोसा

Punjab Investment : मुख्यमंत्री भगवंत मान की दूरदर्शी सोच के तहत पंजाब सरकार वैश्विक निवेश को आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को गति देने के प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने दुबई में वार्षिक निवेश बैठक (ए.आई.एम.) के दौरान UAE इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट काउंसिल (यू.ए.ई.आई.आई.सी.) के सचिव जनरल अब्दुल्ला अहमद अल सुवैदी से मुलाकात की. इस दौरान पंजाब में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा हुई.

बैठक के दौरान अमन अरोड़ा ने अब्दुल्ला अहमद अल सुवैदी को पंजाब की आर्थिक संभावनाओं की जानकारी दी, उन्होंने UAE के निवेशकों को सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी क्षेत्र की साझेदारी के जरिए उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में निवेश करने का निमंत्रण दिया.

निवेशकों को सरकार देगी पूरा सहयोग

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में कारोबार शुरू करने या मौजूदा व्यवसाय का विस्तार करने के इच्छुक निवेशकों को राज्य सरकार की ओर से पूरा प्रशासनिक सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा. इसके साथ ही माल-ढुलाई और अन्य प्रबंधकीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब UAE आधारित निवेशकों और संस्थागत निधिकरण संगठनों के साथ लंबे समय के पारस्परिक लाभ वाले संबंध बनाना चाहता है.

‘इन्वेस्ट पंजाब’ से आसान होगी निवेश प्रक्रिया

उद्योग मंत्री ने पंजाब में किए गए निवेशक-अनुकूल सुधारों की भी जानकारी दी, उन्होंने ‘इन्वेस्ट पंजाब’ का विशेष तौर पर उल्लेख किया, जो निवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए राज्य का सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म है. इसके जरिए निवेशकों को त्वरित कानूनी स्वीकृतियां और मंजूरियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था है.

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब अनुकूल उद्यमी माहौल, बेहतर मल्टीमॉडल संपर्क, कुशल तकनीकी कर्मचारी और पारदर्शी प्रशासनिक ढांचा उपलब्ध कराता है, उन्होंने UAE के व्यापारिक नेताओं से पंजाब की आर्थिक विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया.

UAEIIC ने पंजाब की पहल का स्वागत किया

UAE इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट काउंसिल, जो विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफ.डी.आई.) को दिशा देने के लिए UAE की सार्वजनिक और निजी संस्थाओं को एकजुट करती है, ने पंजाब के शिष्टमंडल की पहल का स्वागत किया.

बैठक में UAE और पंजाब के बीच सीधे पूंजी प्रवाह और संयुक्त उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए मजबूत संस्थागत संपर्क स्थापित करने पर ध्यान दिया गया. द्विपक्षीय बातचीत पर संतोष जताते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि यह मुलाकात अहम मील का पत्थर साबित होगी. इससे द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग और व्यापारिक संबंधों को मजबूती मिलेगी तथा पंजाब में बड़े पैमाने पर निवेश का रास्ता तैयार होगा.

ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button