Other Statesराज्य

TVK प्रमुख विजय का मास्टरस्ट्रोक: ड्राइवर के बेटे ने DMK विधायक को हराया, पार्टी की बड़ी जीत

TVK Victory News : तमिलनाडु के विरुगंबक्कम विधानसभा क्षेत्र से तमिलगा वेट्ट्री कजगम (TVK) प्रमुख जोसेफ विजय के निजी ड्राइवर राजेंद्रन के पुत्र आर. सबरीनाथन ने चुनाव में जीत दर्ज की है, उन्होंने डीएमके के मौजूदा विधायक एएमवी प्रभाकर राजा को 27,086 वोटों के अंतर से पराजित किया. जीत के बाद सबरीनाथन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं बहुत खुश हूं. डीएमके का अंत हो गया है.” इस परिणाम के साथ राज्य की राजनीति में टीवीके की मौजूदगी और अधिक मजबूत होती दिखाई दे रही है.

इसी तरह टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने भी पेरम्बूर विधानसभा सीट से बड़ी जीत हासिल की, उन्हें 1,20,365 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके सामने डीएमके उम्मीदवार आरडी शेखर को 66,650 वोट मिले. इस तरह विजय ने 53,715 वोटों के अंतर से यह सीट अपने नाम की. इसके अलावा, तिरुचिरापल्ली (पूर्वी) विधानसभा सीट से भी विजय ने सफलता हासिल की, जहां उन्होंने डीएमके नेता एस. इरूदयराज को 27,416 वोटों से हराया. यहां उन्हें 91,381 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 63,965 वोट प्राप्त हुए.

पार्टी का पहला विधानसभा चुनाव था

बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों में टीवीके ने कुल 107 सीटों पर जीत हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने का दावा किया है. यह पार्टी का पहला विधानसभा चुनाव था. वहीं डीएमके को 59 सीटें और AIADMK को 47 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को 5 सीटों पर जीत मिली. परिणामों के अनुसार मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भी अपनी सीट पर हार का सामना करना पड़ा, जहां कोलाथुर सीट पर टीवीके के वीएस बाबू ने 8,795 वोटों से जीत दर्ज की.

विजय की जीत और बदलाव संकेत

इन नतीजों के बाद जोसेफ विजय का राजनीतिक प्रदर्शन उन्हें उन चर्चित फिल्मी हस्तियों की श्रेणी में खड़ा करता है, जिन्होंने राजनीति में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की. माना जा रहा है कि उनका जनाधार उनकी फिल्मी लोकप्रियता से जुड़ा हुआ है, जो चुनावी नतीजों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया. साथ ही यह चुनाव परिणाम तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत भी माना जा रहा है, जहां लंबे समय से डीएमके और AIADMK के प्रभुत्व के बीच नया राजनीतिक समीकरण बनता नजर आ रहा है.

ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button