Baramati Aircraft Crash : महाराष्ट्र के पुणे स्थित बारामती एयरपोर्ट पर रविवार को एक ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया. लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसलकर कुछ दूरी पर जा गिरा. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और विमान में सवार ट्रेनी पायलट भी सुरक्षित बच गया.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना दोपहर करीब 12:35 बजे हुई. हालांकि, अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है. अभी तक विमान में तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह की पुष्टि नहीं हुई है.
लैंडिंग के दौरान फिसला विमान
पुणे के एसपी संदीप सिंह गिल के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान विमान फिसल गया. अधिकारियों ने बताया कि विमान बारामती एयरस्ट्रिप के पास गोजुबावी गांव के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हुआ. यह विमान रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग एकेडमी का बताया जा रहा है, जो बारामती एयरस्ट्रिप के पास प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित करती है. विमान में ट्रेनी पायलट अकेला सवार था और वह हादसे में सुरक्षित बच गया.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि विमान में कोई तकनीकी खराबी थी या हादसे की कोई दूसरी वजह. अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
सात महीने पहले हुआ था बड़ा विमान हादसा
बारामती एयरस्ट्रिप करीब सात महीने पहले हुए एक बड़े विमान हादसे के बाद फिर चर्चा में है. 28 जनवरी को महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की विमान हादसे में मौत हुई थी. अजित पवार का लियरजेट 45 विमान लैंडिंग की दूसरी कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे में उनके सुरक्षा अधिकारी, एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर भी मारे गए थे.
उस हादसे की एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है. उम्मीद जताई जा रही है कि रिपोर्ट अगले साल जनवरी तक आ सकती है.
कंपनी ने शुरू की जांच
मौजूदा हादसे में शामिल विमान को कार्वर एविएशन का सेसना 172 बताया गया है. वहीं अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद कंपनी ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हादसे के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









