पाकिस्तान में बलूच आर्मी ने ट्रेन को किया हाईजैक, सभी यात्रियों को बनाया बंधक

Train Hijack in Pakistan :

पाकिस्तान में बलोच आर्मी ने ट्रेन को किया हाईजैक

Share

Train Hijack in Pakistan : बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया है और ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को बंधक बना लिया है। वहीं इस घटना की जानकारी बलूच लिबरेशन आर्मी ने सोशल मीडिया के जरिए दी।

यह घटना उस समय घटी जब जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी। BLA ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि मश्कफ, धादर और बोलन में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। हमलावरों ने रेलवे ट्रैक को धमाके से उड़ा दिया, जिससे ट्रेन रुकने पर मजबूर हो गई और आतंकियों ने इसे अपने कब्जे में ले लिया।

‘सैन्य अभियान चलाया तो बंधकों की हत्या कर देंगे’

बलूच लिबरेशन आर्मी के मुताबिक, सभी यात्रियों को बंधक बना लिया गया है। संगठन ने पाकिस्तानी सेना को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार का सैन्य अभियान चलाया गया, तो इसका अंजाम गंभीर होगा। आतंकियों ने कहा कि सभी बंधकों की हत्या कर दी जाएगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तानी सेना की होगी।

अब तक 6 सुरक्षाकर्मी मारे गए

BLA ने दावा किया कि यह ऑपरेशन मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस और फतेह स्क्वाड के लड़ाकों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। किसी भी सैन्य घुसपैठ का कड़ा जवाब दिया जाएगा। अब तक छह सैन्यकर्मियों को मार गिराया गया है और सैकड़ों यात्री BLA के कब्जे में हैं।

ट्रेन पर भीषण फायरिंग, ड्राइवर और यात्री घायल

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने ट्रेन पर भीषण फायरिंग की, जिसमें ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और कई यात्री भी जख्मी हुए हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के 9 डिब्बों में लगभग 500 यात्री सवार थे।

सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन शुरू किया

हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने इस हमले की पुष्टि की है। रेलवे नियंत्रक मुहम्मद काशिफ ने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट पर सिबी अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।

कौन है बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA)?

बलूचिस्तान में कई अलगाववादी संगठन सक्रिय हैं, जिनमें सबसे प्रमुख बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) है। यह संगठन बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग कर रहा है और पाकिस्तानी सेना तथा चीन समर्थित परियोजनाओं को लगातार निशाना बनाता रहा है।

  • BLA की स्थापना 2000 के आसपास हुई थी।
  • पाकिस्तान ने इसे प्रतिबंधित संगठन घोषित कर रखा है।
  • अमेरिका, यूके और अन्य पश्चिमी देश भी इसे आतंकी संगठन मानते हैं।
  • वर्तमान में BLA की कमान बशीर जेब के हाथों में है।

क्या यह पाकिस्तान में बढ़ते अस्थिरता के संकेत हैं?

यह हमला पाकिस्तान में बढ़ते आंतरिक संकट को उजागर करता है। BLA लगातार सरकारी ठिकानों और परियोजनाओं को निशाना बना रहा है।

यह भी पढ़ें : हाई सैलरी पैकेज में यूपी का ये संस्थान हुआ शामिल, छात्रों को मिल रहा 75 लाख का पैकेज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *