Uttar Pradesh

UPITS 2026 में ब्रज की महिलाओं के हुनर को मिलेगा ग्लोबल मंच, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की होगी प्रदर्शनी

UPITS 2026 : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में ब्रज क्षेत्र की महिलाओं के हुनर को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने जा रहा है. ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाएं अपने तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी.

इस आयोजन में ब्रज क्षेत्र की ‘दीदियां’ अपने उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों और निवेशकों के सामने पेश करेंगी. उत्तर प्रदेश सरकार के ‘लोकल फॉर वोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन के तहत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल की जा रही है.

ब्रज के उत्पादों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार

UPITS में आगरा मंडल के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसमें फिरोजाबाद की महिलाओं द्वारा बनाए गए कांच के सजावटी उत्पाद, मथुरा के मिट्टी के बर्तन, तुलसी गमले और फ्लावर पॉट आकर्षण का केंद्र रहेंगे.

वहीं मैनपुरी के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार आर्टिफिशियल ज्वेलरी, टेडीबियर और जूट बैग भी प्रदर्शित किए जाएंगे. इन उत्पादों की बिक्री के जरिए ग्रामीण महिलाएं अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर पाएंगी.

योजनाओं की भी दी जाएगी जानकारी

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी. इसमें समूह गठन प्रक्रिया, टेक होम राशन, बीसी सखी और विद्युत सखी जैसी योजनाओं के बारे में आगंतुकों को जागरूक किया जाएगा.आगरा जिले से खेरागढ़ तहसील के सैंया ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत ब्रिथला की बीसी सखी ममता भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगी.

ग्लोबल मंच को लेकर महिलाओं में उत्साह

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के अवसर को लेकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं में उत्साह है. मैनपुरी के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की रीना ने बताया कि गांव में तैयार किए जाने वाले आर्टिफिशियल ज्वेलरी, टेडीबियर और जूट बैग अब बड़े मंच तक पहुंच रहे हैं.

वहीं फिरोजाबाद के एकता स्वयं सहायता समूह की शांति देवी ने कहा कि उनके द्वारा तैयार किए गए कांच के सजावटी उत्पादों को देश-विदेश के लोग देखेंगे, जिससे महिलाओं की आय बढ़ने के साथ उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होगा.

महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की पहल

आगरा के उपायुक्त (स्वतः रोजगार) प्रेम चंद ने बताया कि UPITS महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का सशक्त माध्यम बन रहा है, उन्होंने कहा कि ब्रज की महिलाओं के उत्पादों को वैश्विक बाजार मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं की आय में वृद्धि होगी.

ये भी पढ़ें- सुहागिन महिलाओं के लिए खास दिन, इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button