Tej Pratap Yadav : लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के तलाक मामले की सुनवाई मंगलवार, 24 फरवरी को पटना फैमिली कोर्ट में होगी. सूत्रों के अनुसार, इस सुनवाई में दोनों के बीच तीसरी बार समझौते की कोशिश की जाएगी. इससे पहले यह मामला पटना हाईकोर्ट पहुंचा था, जहां रिव्यू याचिका खारिज कर दी गई थी.
हाईकोर्ट ने इस मामले में पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा और दोनों पक्षों को मध्यस्थता प्रक्रिया में सहयोग करने की सलाह दी है. ऐश्वर्या राय ने तेज प्रताप यादव पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं, जबकि तेज प्रताप तलाक पर अड़े हुए हैं.
लालू ने परिवार और पार्टी से किया बाहर
इसके अलावा, अंतरिम गुजारा भत्ता और आवास को लेकर भी विवाद जारी है. ऐश्वर्या राय तेज प्रताप यादव की पहली पत्नी हैं. तेज प्रताप यादव इस समय इसलिए भी चर्चा में हैं क्योंकि उनकी कथित प्रेमिका अनुष्का यादव ने संतान को जन्म दिया है. हालांकि, तेज प्रताप ने स्पष्ट किया है कि उनका अनुष्का और बच्चे से कोई संबंध नहीं है.
बता दें कि तेज प्रताप यादव ने मई 2025 में अनुष्का यादव के साथ अपनी तस्वीर साझा की थी. इस तस्वीर के सार्वजनिक होने के बाद, लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया था. यह मामला तब सामने आया था जब ऐश्वर्या राय से तलाक की सुनवाई कोर्ट में चल रही थी.
तेज प्रताप-ऐश्वर्या की शादी और पृष्ठभूमि
तेज प्रताप और ऐश्वर्या राय की शादी 12 मई 2018 को हुई थी. दोनों परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले हैं. तेज प्रताप, लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं, जबकि ऐश्वर्या, पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी और पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती हैं.
राबड़ी आवास विवाद और तलाक तक का मामला
2019 में ऐश्वर्या ने आरोप लगाया कि उन्हें राबड़ी आवास में बाल खींचकर मारा गया और उनका फोन छीन लिया गया. इसके बाद चंद्रिका राय और उनकी पत्नी, समर्थकों के साथ राबड़ी देवी के आवास पहुंच गए. इस घटना के बाद विवाद बढ़ता गया और मामला अंततः तलाक तक पहुँच गया.
ये भी पढ़ें – बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार अभी भी जारी, हिंदू महिला के साथ हुई गैंगरेप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









