Uttar Pradeshक्राइम

सीतापुर में वीडियो गेम को लेकर विवाद, नुकीली चीज से हमला कर किशोर की हत्या, दो गिरफ्तार

Crime News : उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बच्चों के बीच वीडियो गेम खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात गंभीर घटना में बदल गया. शहर कोतवाली क्षेत्र के सरदार फार्म इलाके में मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. आरोप है कि इसी दौरान नुकीली चीज से हमला किया गया, जिसमें एक किशोर और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय किशोर की रास्ते में मौत हो गई. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे सरदार फार्म मोहल्ले में कुछ बच्चे वीडियो गेम खेल रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई. शुरुआत में विवाद बच्चों के बीच ही था, लेकिन कुछ समय बाद मामला बढ़ गया.

बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों पक्ष कमेला इलाके में इमरान मेडिकल स्टोर के पास पहुंचे. यहां मोहम्मद दानिश और किशोर अयान का सलीम और उसके बेटे शोएब से विवाद हो गया. कहासुनी बढ़ी तो दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.

नुकीली चीज से हमले का आरोप

मारपीट के दौरान आरोप है कि सलीम और उसके बेटे शोएब ने दानिश और अयान पर किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया. अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए.

घायल अयान और दानिश को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंची. डॉक्टरों ने अयान की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया.

लखनऊ ले जाते समय किशोर ने तोड़ा दम

परिजन अयान को इलाज के लिए लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. वहीं मोहम्मद दानिश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

किशोर की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी. पुलिस ने सलीम और उसके बेटे शोएब को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना के क्रम की जांच जारी

अब पुलिस घटना में इस्तेमाल की गई नुकीली वस्तु की तलाश कर रही है. साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद की पूरी वजह और घटना के क्रम की जांच कर रही है. किशोर की मौत के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें- नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राज्य की संभावना से किया इनकार, कहा- जब तक मैं PM हूं, फिलिस्तीनी राज्य नहीं…

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button