Rajasthanराज्य

NEET री-एग्जाम से 5 दिन पहले छात्र ने की आत्महत्या, कमरे से मिला सुसाइड नोट

NEET Student Suicide : NEET परीक्षा को लेकर देशभर में चल रही चर्चाओं के बीच राजस्थान के सीकर से एक दुखद घटना सामने आई है. 21 जून को होने वाले री-एग्जाम से कुछ दिन पहले एक छात्र ने आत्महत्या कर ली. छात्र का शव उसके फ्लैट में फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है.

यह मामला सीकर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय उमेश माली के रूप में हुई है. वह झुंझुनू जिले के नवलगढ़ उपखंड स्थित कारी गांव का रहने वाला था और सीकर में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था.

NEET का तीसरा प्रयास था उमेश का

उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश बुडानिया ने बताया कि उमेश के पिता लक्ष्मणराम माली मुंबई में टाइल्स ठेकेदारी का काम करते हैं. परिवार का सीकर में एक निजी रेजिडेंसी में फ्लैट है, जहां उमेश अपनी मां, बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ रहता था. वह लंबे समय से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था और इस बार उसका तीसरा प्रयास था. 21 जून को होने वाली परीक्षा में उसे शामिल होना था.

कमरे में फंदे से लटका मिला छात्र

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन उमेश की मां गांव गई हुई थीं. उन्हें गांव छोड़ने उमेश खुद गया था. वहीं, उसकी बहन और छोटा भाई कोचिंग के लिए बाहर गए हुए थे. दोपहर के समय जब दोनों वापस फ्लैट पहुंचे तो उन्होंने उमेश को कमरे में फंदे से लटका देखा. यह देखकर परिवार के सदस्य स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. बाद में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया.

पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है. नोट में लिखा था, “मैं बहुत दूर जा रहा हूं. सॉरी.” हालांकि नोट में आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट वजह का जिक्र नहीं किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. वहीं, परिवार भी गहरे सदमे में है और इस स्थिति में कुछ भी बताने की हालत में नहीं है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है.

ये भी पढ़ें – अयातुल्ला अली खामेनेई को दफन करने की तारीख का ऐलान, 4 जुलाई से शुरु होगी प्रक्रिया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button