Advertisement

UP: सपा माफिया परस्त, अपराधियों को बनाती गले का हार- CM योगी आदित्यनाथ

CM Yogi in Bhatpara Rani

CM Yogi in Bhatpara Rani

Share
Advertisement

CM Yogi in Bhatpara Rani:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जैसे प्रदेश से माफिया का सफाया किया गया है, वैसे ही पूर्वांचल से इन्सेफलाइटिस को भी समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने सपा और कांग्रेस को भारत की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाली पार्टी बताया। कहा कि सपा माफिया परस्त है और अपराधियों को अपने गले का हार बनाती है। वहीं कांग्रेस अमेरिका की तरह देश में विरासत टैक्स लगाना चाहती है, जो औरंगजेब का जजिया कर है। दरअसल योगी आदित्यनाथ बुधवार को भाटपार रानी के बीआरडी इंटर कॉलेज मैदान में सलेमपुर लोकसभा सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी रविन्द्र कुशवाहा के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

Advertisement

सीएम योगी ने कहा कि आज कोई भी शरीफ मुसलमान अपने बेटों का नाम औरंगजेब नहीं रखता, क्योंकि उसने अपने भाई की हत्या और पिता को कैद करके पानी तक के लिए तरसा दिया था।

‘जनता कह रही, 2024 में फिर से कमल खिलाएंगे’

सीएम योगी ने देवरहा बाबा और बाबा राघव दास की पावन धरा को कोटि-कोटि नमन करते हुए कहा कि प्रदेश के कुछ जिलों में 48 डिग्री तक गर्मी पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि भाटपार रानी वासियों के लिए इस बात का आश्वासन देने आया हूं कि आप जो पसीना बहा रहे हैं, इसके लिए भाजपा सरकार इस पूरे क्षेत्र का विकास करके आपका कर्ज चुकाने का काम करेगी। देश में एक ही स्वर गूंज रहा है ”फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार”। इस नारे से ही सपा, कांग्रेस और बसपा को चक्कर आने लगता है। उनके पास इतनी सीटों पर लड़ने के लिए प्रत्याशी ही नहीं मिले। अब तो जनता कहती है कि ”जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे और 2024 में फिर से कमल खिलाएंगे”।

‘यहां मेडिकल कॉलेज कभी सपना था’

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विकास के बड़े बड़े कार्य हों या गरीब कल्याण के माध्यम से गरीबों के चेहरे पर खुशहाली लाने का कार्य हो, मोदी जी ने देश के लिए 10 साल प्रयास और तपस्या की है। देश में पहले आतंकी घटनाएं होती थीं। आज आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो चुका है। अब पटाखा भी जोर से फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। ये परिवर्तन आपके एक वोट के कारण हुआ है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया में सम्मान प्राप्त कर रहा है। यहां मेडिकल कॉलेज कभी सपना था, मगर आज बाबा देवरहा के नाम पर मेडिकल कॉलेज है। पहले पानी के लिए तरसना होता था, आज हर घर नल की योजना है। विकास के बड़े-बड़े कार्य नये भारत की पहचान बन रहे हैं।

‘आज No कर्फ्यू No दंगा, यूपी में सब चंगा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में गरीब भूख से मरता था। आज 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन, 60 करोड़ को 5 लाख तक का मुफ्त उपचार, 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, 12 करोड़ घरों में शौचालय, 10 करोड़ घरों को उज्ज्वला योजना देने का कार्य हुआ है। इसके साथ ही 4 करोड़ गरीबों के घर बन चुके हैं। 4 जून के बाद 3 करोड़ गरीबों के लिए और घर बनेंगे। आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि सपा के समय भाटपार में दंगा करके हिन्दुओं की झोपड़ियों को जलाकर उन्हें बंद कर दिया गया था, तब मैं यहां आया था और उन्हें छुड़ाने का काम किया था। मगर आज यूपी में दंगा नहीं होता है। आज नो कर्फ्यू नो दंगा यूपी में सब चंगा है। पर्व त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जा रहे हैं।

‘कांग्रेस देश में तालीबानी शासन लागू करना चाहती’

सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस पर्सनल लॉ के जरिए देश में तालीबानी शासन लागू करना चाहती है। इसका मतलब बेटियां स्कूल और महिलाएं बाजार और ऑफिस नहीं जा पाएंगी। मगर हम घोषणा करते हैं कि देश बाबा साहब के संविधान से चलेगा। ये कहते हैं कि सत्ता में आएंगे तो विरासत टेक्स लगाएंगे, ये अमेरिका में लगता है, जहां संयुक्त परिवार न के बराबर है। सपा और कांग्रेस कहती है कि सत्ता में आने के बाद हमारे पूर्वजों की आधी प्रॉपर्टी ये लोग ले लेंगे। फिर उसपर किसी पाकिस्तानी, बांग्लादेशी और अफगानिस्तानी मुसलमान को बसा देंगे। ये औरंगजेब का जजिया कर है। हमें औरंगजेब को फिर से जिंदा नहीं होने देना है। कांग्रेस और सपा के लोग भारत की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, विधायक सभा कुंवर कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, विनोद शंकर दुबे, राजकुमार शाही, अजय उपाध्याय, कुंज विहारी सिंह, जयनाथ कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: तपती धूप में यह ख़बर ‘राहत की छांव’ देगी, आप भी पढ़िए…

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *