गाजियाबाद की सड़कोें पर युवती के साथ बदसलूकी, मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप

गाजियाबाद में बर्बरता की सारी हदें पार हो गई। गुरूवार की रात कुछ दबंगों ने एक युवती को दिन-दहाड़े अगवा कर लिया। युवती को गाड़ी से 60 मिनट तक दिल्ली से गाजियाबाद की सड़को पर घुमाया गया। मनचलों ने लड़की के साथ मार-पीट कर उससे छेड़-छाड़ किया और दांतों से काटा।
पीड़िता लिंक रोड़ क्षेत्र के ब्रजविहार की रहने वाली है। वह घरों में काम कर अपना जीवन यापन करती है। युवती के मुताबिक कल रात वह काम से घर वापस आ रही थी। ब्रजविहार की पुलिया पर उसे पूर्व मकान मालिक और ड्राईवर ने घेर लिया। वे युवती को घसीटते हुए गाड़ी तक ले गए और ज़बरन उसमें बैठा दिया। युवती के लाख विरोध करने पर भी दबंगों ने एक ना सुनी। वे पीड़िता को एक घंटे तक गाजियाबाद से दिल्ली तक की सड़कों पर घुमाते रहे। आरोपी युवती का अपहरण कर पहले उसे दिल्ली के लक्ष्मीनगर और आसपास के इलाके में ले गए। उन्होंने युवती के साथ मार-पीटाई की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। इस दौरान उनकी हरकत को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने जगह-जगह गाड़ी की चेकिंग की। लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस ने लिंक रोड थाना क्षेत्र में गाड़ी को घेर कर युवती को सकुशल बचा लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपी कैब चालक बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Ghaziabad: खतरनाक स्टंट करने पर पुलिस ने लिया एक्शन, कॉलेज के छात्रों को दबोचा