UP Rise 2026 : उत्तर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बरेली के इन्वर्टिस विश्वविद्यालय में ‘UP Rise-2026’ का आयोजन किया गया. ‘संवाद, संकल्प, सफलता’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने स्टार्टअप और नए कारोबारी विचारों को मंच पर प्रस्तुत किया.
प्रतियोगिता में ब्रह्माबाइट इनोवेशंस एंड टेक प्राइवेट लिमिटेड ने पहला स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया. वहीं ‘ट्रैवल देखो’ दूसरे और ‘एसएस पार्ट्स प्लैनेट प्राइवेट लिमिटेड’ तीसरे स्थान पर रहा.
रोजगार देने के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में युवा उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार पर विशेष जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने विचारों को बिजनेस मॉडल में बदलकर नए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए.
मुख्य अतिथि अध्ययन फाउंडेशन फॉर पॉलिसी एंड रिसर्च के सीईओ शशांक सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि युवाओं के नए विचार और नवाचार देश के भविष्य की मजबूत नींव हैं.
‘शक्ति क्षेत्र’ में छात्रों ने लिखे आत्मनिर्भर यूपी के सपने
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मकता को सामने लाने के लिए विशेष ‘शक्ति क्षेत्र’ बनाया गया. यहां छात्रों ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश को लेकर अपने विचार और सपने साझा किए.
इसके अलावा मनोरंजक गतिविधियों ने भी विद्यार्थियों का ध्यान खींचा. आयोजन के दौरान 300 से अधिक तस्वीरें निकालकर छात्र-छात्राओं को दी गईं.
200 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन और सक्रिय भागीदारी करने वाले करीब 200 विद्यार्थियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया. वहीं मेंटर्स और प्रतियोगिता के निर्णायकों को भी स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया.
आयोजन में विद्यार्थियों के नेतृत्व कौशल को बढ़ाने के लिए मिष्टी, आशु गुप्ता, अन्नू गंगवार और सचिन गंगवार को महाविद्यालय प्रतिनिधि बनाया गया. इन छात्रों ने पंजीकरण से लेकर कार्यक्रम प्रबंधन तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं.
कारोबारी सोच और नवाचार को मिला सम्मान
प्रतियोगिता में युवाओं के विचारों का मूल्यांकन नवाचार, उपयोगिता और रोजगार सृजन की संभावनाओं के आधार पर किया गया. ब्रह्माबाइट इनोवेशंस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया.
UP Rise 2026 के माध्यम से युवाओं को अपने विचारों को कारोबार में बदलने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









