स्टेशन पर पान-गुटखा थूकना पड़ सकता है महंगा

अगर आप रेलवे स्टेशन पर पान गुटखा थूकते हैं तो जान लीजिए यह आपको महंगा पड़ सकता है। रेलवे ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई तेजी से करना शुरू कर दी है। पहले रेलवे ऐसे करीब 100-150 लोगों पर कार्रवाई करता था, मगर अब इसको बढ़ाते हुए इसकी संख्या 12 हजार से अधिक कर दी है।
रेलवे ने पिछले एक साल में 12 हजार लोगों से करीब 17 लाख का जुर्माना वसूला है। इस बात की जानकारी भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता सूबेदार सिंह ने देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 (अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक) में स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों के 12,380 मामले पकड़े गए, जिनपर 17,23,460 रुपए जुर्माना लगाया गया। साथ ही गंदगी से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए स्टेशन परिसर स्वच्छ रखने में सहयोग करने के लिए समझाया गया।
स्टेशन परिसर साफ सुथरा रखने में सहयोग करें। कचरे को निर्धारित डस्ट बिन में ही डालें, इधर उधर पीक ना थूकें। प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग बन्द करें। स्टेशन की स्वच्छता बनाये रखने के लिए किये जा रहे प्रयासों में रेल प्रशासन का सहयोग करें।