Varanasi Delhi Flight : वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1253 को गुरुवार सुबह अचानक लखनऊ की ओर मोड़ना पड़ा. उड़ान के दौरान विमान के कार्गो कंपार्टमेंट से जुड़ा तकनीकी अलर्ट मिलने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान उतारने का फैसला किया. विमान में सवार सभी 155 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान कार्गो हिस्से में धुआं होने का संकेत मिला. चेतावनी मिलते ही पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया. विमान सुबह करीब 8:52 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया.
जांच में न आग मिली
लैंडिंग के साथ ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई. दमकल कर्मियों और तकनीकी विशेषज्ञों को भी तुरंत विमान के पास भेजा गया. सुरक्षा टीमों ने कार्गो कंपार्टमेंट समेत विमान के संबंधित हिस्सों की बारीकी से जांच की.
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान विमान में आग या धुआं पाए जाने की पुष्टि नहीं हुई. इसके बावजूद तकनीकी चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए विमान को लखनऊ उतारना एहतियाती कदम माना गया.
यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि तकनीकी समस्या के चलते वाराणसी-दिल्ली उड़ान को लखनऊ भेजा गया था. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया. लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया.
एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक जल्द पहुंचाना प्राथमिकता में रखा गया है.
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में बारिश का कहर, 12 की मौत, 172 सड़कें बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









