Uttar Pradesh

गोंडा हत्याकांड के बीच संजय निषाद की माता प्रसाद पांडे से मुलाकात, यूपी सियासत में हलचल

UP Politics : उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि संजय निषाद ने इसे केवल औपचारिक मुलाकात बताया है, लेकिन इसकी समय-सीमा को लेकर कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं.

संजय निषाद ने अपने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की हैं. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में वह गोंडा में व्यापारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड के विरोध में धरने पर बैठे थे. इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी.

संजय निषाद की बुलडोजर मांग

गोंडा में हुए इस प्रदर्शन के दौरान संजय निषाद ने हत्यारों का मुठभेड़ में कार्रवाई करने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई थी. उनके इस रुख के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को लेकर उनकी नाराजगी की चर्चाएं सामने आने लगी थीं.

दरअसल, पिछले कुछ समय से संजय निषाद निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने और नौ प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं. उनके कई बयानों को भी इसी मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है.

संजय निषाद ने बताया मुलाकात को सामान्य

संजय निषाद कई मौकों पर संकेत दे चुके हैं कि अगर उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला तो उनके लिए दूसरे विकल्प भी खुले हैं. उनके इन बयानों के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से हुई मुलाकात ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.

हालांकि संजय निषाद ने इस मुलाकात को सामान्य और औपचारिक बताया है, लेकिन चुनावी माहौल से पहले हुई इस मुलाकात के राजनीतिक मायनों को लेकर चर्चाएं जारी हैं.

ये भी पढ़ें- हिंदी दिवस पर अनुवादिनी फाउंडेशन में खास आयोजन, भाषा और संस्कृति के महत्व पर हुई चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button