UP Teacher Recruitment : उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक से लेकर प्रवक्ता संवर्ग तक कुल 15,012 पदों पर भर्ती के लिए दो विज्ञापन जारी किए हैं.
इन भर्तियों के जरिए प्रदेश के हजारों शिक्षित युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर मिलेगा. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी के 897 पदों और बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक शहरी के 11,508 पदों पर भर्ती होगी. इसके अलावा प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के 2,607 पद भी भरे जाएंगे.
सहायक अध्यापक पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के तहत सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक शहरी के कुल 12,405 पदों पर भर्ती की जाएगी. इन पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी.
अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे. आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर 2026 तय की गई है. इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है.
पीजीटी के 2,607 पदों पर होगी भर्ती
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग के 2,607 रिक्त पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 सितंबर 2026 से शुरू होंगे.
पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 रखी गई है. वहीं आवेदन में संशोधन की आखिरी तारीख 21 अक्टूबर 2026 होगी. प्रवक्ता संवर्ग के पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी.
आवेदन से पहले पूरा विज्ञापन पढ़ने की सलाह
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू की है. संबंधित पदों के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके बाद ही ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा.
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका को ध्यान से पढ़ें और अपनी पात्रता सुनिश्चित करें. भर्ती से जुड़ी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









