बड़ी ख़बर

Rajyasabha : अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- “55 साल राज किया और 77 परिवर्तन किए”

Rajyasabha : राज्यसभा में संविधान पर चर्चा जारी है, वहीं अमित शाह ने संविधान की चर्चा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पहला संशोधन 18 जून 1951 को किया गया। संविधान बनने के बाद आम चुनाव में जाने का भी धैर्य कांग्रेस में नहीं था।

अमित शाह ने कहा कि हमारे संविधान में संविधान को कभी भी अपरिवर्तनीय नहीं माना गया है। अनुच्छेद 368 में संविधान में संशोधन का प्रावधान है। कुछ राजनेता 54 वर्ष की आयु में खुद को ‘युवा’ कहते हैं। संविधान लेकर घूमते रहते हैं और कहते हैं कि संविधान बदल देंगे। मैं बताना चाहता हूं कि संविधान में संशोधन का प्रावधान अनुच्छेद 368 में है।

उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने 16 साल तक शासन किया और हमने संविधान में 22 परिवर्तन किए। कांग्रेस ने 55 साल राज किया और 77 परिवर्तन किए। उन्होंने कहा कि जो कहते थे कि हम आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं हो पाएंगे उन्हें हमारे देश की जनता और हमारे संविधान ने जवाब दिया है। आज हम दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। आज ब्रिटेन भी अर्थतंत्र की तालिका में हमारे पीछे खड़ा है।

‘तानाशाहों के अहंकार को चूर-चूर करने का काम…’

उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे, लोकतंत्र इस देश में सफल नहीं होगा, आज 75 साल हो गए। हमारे आसपास भी कई देश स्वतंत्र हुए और नई शुरुआत हुई। लेकिन वहां लोकतंत्र सफल नहीं हुआ। हमारा लोकतंत्र आज पाताल तक गहरा पहुंचा है। अनेक तानाशाहों के अहंकार को चूर-चूर करने का काम लोकतांत्रिक तरीके से इस देश की जनता ने किया है।

‘मैं सरदार पटेल को धन्यवाद देता हूं’

अमित शाह ने कहा कि संसद के दोनों सदनों में जो चर्चा हुई, वह देश के युवाओं के लिए शिक्षणात्मक रहेगी। इससे देश के लोगों को यह समझने में भी मदद मिलेगी कि किस पार्टी ने संविधान का सम्मान किया। मैं सरदार पटेल को धन्यवाद देता हूं। उनके अथक परिश्रम के कारण देश एक होकर दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है।

यह भी पढ़ें : कृषि मंत्री ने कृषि विपणन पर राष्ट्रीय नीति ढांचे पर चर्चा के लिए किसानों से संबंधित भागीदारकों के साथ बुलाई आपात बैठक

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button