Delhi Weather : दिल्ली में बारिश का सिलसिला आज भी जारी रहने की उम्मीद है. बुधवार शाम हुई बारिश ने उमस और गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत दी. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राजधानी के कई हिस्सों में 4 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है. कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है.
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार 3 सितंबर को दिल्ली में दिन की शुरुआत बादलों के साथ होगी. सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में बहुत हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने की भी आशंका है. दोपहर के बाद शाम तक कुछ इलाकों में फिर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.
गुरुवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. शुक्रवार को भी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
अयानगर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई. कुछ इलाकों में गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश भी हुई. वहीं, अयानगर में सबसे ज्यादा 69.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पालम में 68.8 मिमी बारिश हुई.
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया. बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था. वहीं अधिकतम तापमान करीब 31.3 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा.
गाजियाबाद और नोएडा में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दिल्ली में दिन के दौरान पूर्वी हवाएं 15 से 20 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं.
ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






