Delhi Weather : दिल्ली में जन्माष्टमी के दिन मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. राजधानी के कुछ इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को भी दिल्ली में बारिश का दौर जारी रह सकता है. दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को सुबह से दोपहर के बीच दिल्ली के कई हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है. रात के समय भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
गुरुवार को इन इलाकों में हुई बारिश
गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. अयानगर में सबसे ज्यादा 3.9 मिमी, पालम में 3.1 मिमी और लोधी रोड में 0.8 मिमी बारिश हुई. हालांकि, रिज और सफदरजंग स्थित शहर के बेस स्टेशन पर बारिश दर्ज नहीं की गई. सफदरजंग में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वहीं न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था.
राजधानी में 90 फीसदी तक पहुंची नमी
बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम आर्द्रता 65 प्रतिशत और अधिकतम आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ, जबकि अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
दिन के समय राजधानी में पूर्वी हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलीं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार के साथ शनिवार को भी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर कान्हा जी को लगाएं खास पंचामृत का भोग, जानें बनाने की आसान विधि
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







