Punjab Police : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक और सफलता दर्ज करते हुए, काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले एक गिरोह के मुख्य संचालक को 10 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार करके इस गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सहजप्रीत सिंह निवासी गांव जठौल (अमृतसर) के रूप में हुई है। यह कार्रवाई सी.आई. अमृतसर द्वारा सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले एक अन्य गिरोह के चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी के दो दिन बाद सामने आई है। इन आरोपियों के कब्जे से 27 किलो हेरोइन और एक विदेशी आधुनिक .30 बोर पीएक्स5 पिस्तौल सहित तीन कारतूस बरामद किए गए थे।
विदेश में बैठे तस्कर से जुड़े हैं तार
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में था और उसके इशारे पर हेरोइन की खेप प्राप्त करके आगे सप्लाई कर रहा था।
ऑपरेशन से संबंधित विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर की टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि सहजप्रीत सिंह नामक व्यक्ति ने अपने घर के निकट ड्रोन के माध्यम से हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त की है और वह इस खेप को आगे सप्लाई करने की योजना बना रहा है। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्ति के घर पर छापा मारा और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद की।
आगामी जांच में जुटी पुलिस
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाया जा रहा है और मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने तथा सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले नेटवर्क को निष्क्रिय करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 59, दिनांक 17-09-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें- Medha Shankr संग शादी करेंगे Samay Raina, वायरल पोस्ट के बाद इंटरनेट पर मचा हंगामा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









