प्रियंका का बीजेपी पर तीखा हमला, “लोगों के अधिकारों को कमजोर कर रही…”

Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi

Share

Priyanka Gandhi: वायनाड लोकसभा उपचुनाव में बड़ी जीत के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार केरल दौरे पर पहुंचीं। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान, उन्होंने मननथावाडी में जनता का आभार व्यक्त किया। प्रियंका ने कहा कि वायनाड की जनता के प्यार और समर्थन के बिना उनकी यह जीत संभव नहीं होती। उन्होंने सांसद के रूप में लोगों की समस्याओं को संसद में उठाने का वादा किया और कहा कि वह उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।

सार्वजनिक रैली में प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में एक ऐसी ताकत काम कर रही है जो लोगों के अधिकारों को कमजोर कर रही है और संसाधनों को अपने कारोबारी मित्रों को सौंप रही है। उन्होंने इसे देश की एकता और लोकतंत्र के खिलाफ बताया। प्रियंका ने वायनाड के लोगों के साथ मिलकर उनकी जरूरतों के लिए संघर्ष करने का वादा किया।

स्थानीय लोगों से मुलाकात

प्रियंका ने यूडीएफ कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ग्राउंड लेवल पर कड़ी मेहनत के कारण ही यह बड़ी जीत संभव हुई। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

सांसद के रूप में शपथ लेने के दौरान प्रियंका ने संविधान को हाथ में लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। वायनाड से उन्हें 4.1 लाख वोटों के बड़े अंतर से जीत मिली थी। इस जीत को उन्होंने जनता के भरोसे का प्रतीक बताया और आश्वासन दिया कि वह उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।

प्रियंका ने कहा कि वर्तमान समय में जनता का विश्वास देश को संभालने वालों से उठता जा रहा है, लेकिन कांग्रेस देश की भावना और एकता के लिए मजबूती से खड़ी है। उन्होंने वायनाड के लोगों को विश्वास दिलाया कि वे उनकी आवाज बनकर संसद में उनके हक की लड़ाई लड़ेंगी।

यह भी पढ़ें : 9 महीने से शंभू बॉर्डर पर मौजूद किसान, 6 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप