UP News : उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है. बारिश के कारण कोयला आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद वैकल्पिक इंतजामों के जरिए प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को संभाला जा रहा है. उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने अधिकारियों के साथ बिजली आपूर्ति की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए हैं, उन्होंने अधिकारियों से सभी क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपलब्ध सभी संसाधनों का बेहतर उपयोग करने को कहा है.
बंद पावर प्लांट इकाइयां शुरू
प्रदेश में अनपरा-डी, हरदुआगंज-ई और ओबरा-बी की यूनिट-10 का संचालन दोबारा शुरू हो गया है. इन इकाइयों के चालू होने से प्रदेश की विद्युत उपलब्धता में करीब 1300 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई है.
वहीं, अगले एक-दो दिनों में एपीजीसी, सिंगरौली की यूनिट-2, टीआरएन एनर्जी की यूनिट-1, घाटमपुर की यूनिट-1 और जवाहरपुर की बंद इकाइयां उपलब्ध हो जाएंगी. इससे प्रदेश को लगभग 1250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलने की संभावना है.
पावर बैंकिंग से मिलेगी 500-600 मेगावाट बिजली
बिजली उपलब्धता बढ़ाने के लिए पावर बैंकिंग की व्यवस्था भी की जा रही है. केरल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक में अगले पांच वर्षों तक गर्मी के महीनों में 500-600 मेगावाट बिजली पावर बैंकिंग के माध्यम से लेने पर सहमति बनी है.वर्तमान में महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से पावर बैंकिंग के जरिए पीक आवर्स में औसतन करीब 2400 मेगावाट बिजली प्राप्त की जा रही है.
बारिश से कोयला आपूर्ति प्रभावित
अधिकारियों के अनुसार, कोयला खदान क्षेत्रों में अतिवृष्टि और जलभराव के कारण थर्मल पावर प्लांटों को पर्याप्त कोयला नहीं मिल पा रहा है. इसके चलते सिंगरौली, रिहंद, खुर्जा, मेजा, लैंको, रोजा और बारा जैसी परियोजनाओं में उत्पादन प्रभावित हुआ है.
इस कारण प्रदेश को औसतन 1500 से 2000 मेगावाट बिजली की कमी का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद सरकार उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से प्रदेश में बिजली आपूर्ति सामान्य बनाए रखने में जुटी है.
ये भी पढ़ें – सेमीकंडक्टर के ग्लोबल मंच पर यूपी की दस्तक, 17 से 19 सितंबर तक सेमीकॉन इंडिया 2026 का दिल्ली में आयोजन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









