IndiGo Flight : दोहा से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई IndiGo की फ्लाइट को गुरुवार सुबह अचानक मस्कट की ओर डायवर्ट करना पड़ा. उड़ान के दौरान एक पायलट की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को ओमान की राजधानी मस्कट में उतारने का फैसला लिया गया. एयरलाइन के मुताबिक, क्रू के एक सदस्य को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी.
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट के डेटा के अनुसार, A320neo विमान संख्या 6E 1302 ने निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी के बाद सुबह लगभग 3 बजे दोहा से उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के दो घंटे पूरे होने से पहले ही विमान ने मस्कट की ओर अपना रास्ता बदल लिया.
जानकारी के मुताबिक, पायलट के अचानक बीमार पड़ने के बाद विमान से ‘Mayday’ इमरजेंसी घोषित की गई. इसके बाद फ्लाइट को मस्कट की ओर डायवर्ट किया गया. विमान ने वहां सुरक्षित लैंडिंग की. लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम ने बीमार क्रू सदस्य की जांच की. IndiGo ने बताया कि चिकित्सा सहायता मिलने के बाद क्रू सदस्य की हालत अब बेहतर है. एयरलाइन ने यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है.
यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था
एयरलाइन के अनुसार, मस्कट में मौजूद यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए दूसरे विमान और नई क्रू टीम का इंतजाम किया जा रहा है. इंतजार कर रहे यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया जा रहा है और उन्हें उड़ान से संबंधित जानकारी भी लगातार दी जा रही है.
आपको बता दें कि उड़ान के दौरान किसी पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ना गंभीर स्थिति मानी जाती है. A320 परिवार के विमानों में सामान्य तौर पर दो पायलट फ्लाइट डेक पर मौजूद रहते हैं. ऐसे में यदि किसी एक पायलट की तबीयत इतनी खराब हो जाए कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाने में सक्षम न रहे, तो यात्रियों की सुरक्षा के लिए विमान को किसी उपयुक्त नजदीकी एयरपोर्ट पर उतारना जरूरी हो सकता है.
मस्कट में सुरक्षित लैंडिंग के बाद अब यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था पूरी करने की तैयारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में बारिश का कहर, 12 की मौत, 172 सड़कें बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









