राष्ट्रीय

महाराष्ट्र में नवरात्रि के गरबा में मुस्लिम बैन, VHP की गाइडलाइंस पर भड़का विपक्ष

Garba Controversy : महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा और डांडिया कार्यक्रमों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) की गाइडलाइन पर सियासी घमासान शुरू हो गया है. VHP ने गरबा आयोजकों से मुस्लिमों की एंट्री रोकने की अपील की है. संगठन ने कहा है कि नवरात्रि देवी की आराधना का पर्व है, इसे सिर्फ डांस या मनोरंजन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. आयोजकों से प्रतिभागियों की पहचान जांचने और आधार कार्ड देखने के साथ माथे पर तिलक लगाने जैसे निर्देश भी दिए गए हैं.

VHP के रुख पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा कि गरबा देश की परंपरा का हिस्सा है और इसमें मुसलमानों की भागीदारी पर रोक लगाने की बात उचित नहीं है, उन्होंने RSS प्रमुख मोहन भागवत के हिंदू-मुस्लिम एकता से जुड़े बयानों का हवाला देते हुए उनसे इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की.

VHP की गाइडलाइन को असंवैधानिक

शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुंबई में दही-हांडी, गणपति और नवरात्रि जैसे आयोजनों में लोगों की पहचान सबसे पहले मुंबईकर के तौर पर होती है, उन्होंने कहा कि धर्म और जाति से ऊपर उठकर लोग उत्सवों में शामिल होते हैं.

कांग्रेस विधायक अमीन पटेल और NCP (SP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने भी VHP की गाइडलाइन को असंवैधानिक बताया. क्रास्टो ने महाराष्ट्र सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाया.

BJP बोली- नवरात्रि मनोरंजन नहीं

वहीं, बीजेपी नेता राम कदम ने VHP के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि नवरात्रि देवी की पूजा और आराधना का पर्व है, कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, उन्होंने कहा कि जिसे श्रद्धा या आस्था नहीं है, उसके ऐसे धार्मिक आयोजन में शामिल होने का औचित्य समझना मुश्किल है.

राम कदम ने यह भी कहा कि पहले ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां बिना आस्था के लोग कार्यक्रमों में पहुंचे और छेड़छाड़ जैसी घटनाएं हुईं. उनके मुताबिक, गलत इरादे से आने वालों को रोकना जरूरी है. हालांकि उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा के साथ आने वाले किसी भी व्यक्ति का स्वागत किया जाना चाहिए. इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र में नवरात्रि शुरू होने से पहले ही राजनीतिक बहस तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें- यूपी में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 2.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button