Uttar Pradesh

अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा पर मंत्री संदीप सिंह का हमला, लोधी समाज को लेकर उठाए सवाल

UP Politics : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने निशाना साधा है, उन्होंने अखिलेश यादव के सड़क, पिछड़ा वर्ग और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर दिए गए बयानों को लेकर सवाल उठाए.

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव जिन सड़कों की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, उन्हीं सड़कों से उनकी आलीशान रथ यात्रा निकल रही है, उन्होंने दावा किया कि ये सड़कें भाजपा सरकार के कार्यकाल में बनाई गई हैं और पूरी तरह गड्ढामुक्त हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार यूपी की सड़कों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, लेकिन अब उनकी यात्रा उन्हीं सड़कों पर हो रही है जिन्हें भाजपा सरकार ने तैयार कराया है.

लोधी समाज को लेकर अखिलेश पर साधा निशाना

अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा रायबरेली से शुरू हो रही है. इस दौरान उनके सपा विधायक राहुल लोधी के घर चाय पीने जाने को लेकर भी मंत्री संदीप सिंह ने प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि चुनाव के समय अखिलेश यादव पिछड़े वर्ग और खासकर लोधी समाज को अपने साथ जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख वोट के लिए पिछड़े समाज को साधने की कोशिश कर रहे हैं.

कल्याण सिंह का जिक्र कर लगाए आरोप

संदीप सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि आज अखिलेश यादव को लोधी समाज की चिंता है, लेकिन जब कल्याण सिंह का निधन हुआ था तब वह श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचे थे, उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव सत्ता में रहते हुए पिछड़े समाज के साथ खड़े नहीं होते और चुनाव नजदीक आने पर उन्हें पिछड़े वर्ग की याद आती है.

अपराध के मुद्दे पर भी किया पलटवार

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव के आरोपों पर भी मंत्री संदीप सिंह ने जवाब दिया, उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के हालात को याद करना चाहिए, उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार में अपराधियों पर लगातार कार्रवाई हो रही है और अपराधियों को किसी भी तरह की सुरक्षा नहीं दी जा रही है. संदीप सिंह ने कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, उन्होंने कहा कि जनता जाति की राजनीति से ऊपर उठना चाहती है और विपक्षी दल चुनाव के समय जातिगत मुद्दों को लेकर लोगों को जोड़ने की कोशिश करते हैं.

ये भी पढ़ें- सुहागिन महिलाओं के लिए खास दिन, इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button