राष्ट्रीय

फुकेत-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट के पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव, AAIB की जांच में बड़ा खुलासा

Air India Flight : फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 से जुड़ी घटना की शुरुआती जांच में गंभीर जानकारी सामने आई है. एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) के मुताबिक, विमान के पायलट-इन-कमांड के ड्रग टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ की मौजूदगी पाई गई है. पायलट का दो अलग-अलग टेस्ट कराया गया और दोनों में नतीजा पॉजिटिव आया. जांच में मारिजुआना यानी वीड के सेवन की पुष्टि हुई है.

यह घटना 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली की उड़ान के दौरान हुई थी. ओडिशा के ऊपर से गुजरते समय विमान करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी इसमें अचानक लगभग 300 फीट की गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान विमान में सवार कम से कम 24 लोग घायल हुए थे. दिल्ली पहुंचने के बाद पायलट की मेडिकल जांच कराई गई. शुरुआती टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ मिलने के बाद दोबारा जांच की गई और उसमें भी वही नतीजा सामने आया.

AAIB ने DGCA से कार्रवाई को कहा

AAIB ने मामले को गंभीर मानते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से जल्द उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की है. जांच एजेंसी फिलहाल घटना से जुड़े तकनीकी, ऑपरेशनल, मेडिकल और मानवीय पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

AAIB ने स्पष्ट किया है कि जांच का उद्देश्य घटना के कारणों और परिस्थितियों को समझना तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय तय करना है. एजेंसी ने यह भी कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी एक जानकारी के आधार पर घटना के कारण को लेकर निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए.

एयर इंडिया ने कहा- सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

AAIB की शुरुआती रिपोर्ट पर एयर इंडिया ने कहा कि वह जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग कर रही है. एयरलाइन की ओर से जांच के लिए सभी जरूरी ऑपरेशनल, मेंटेनेंस और तकनीकी रिकॉर्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं. कंपनी ने कहा कि उसके पायलट नियमित ट्रेनिंग, प्रोफिशिएंसी चेक और मेडिकल जांच से गुजरते हैं. घटना के बाद एयर इंडिया ने अपने 100 प्रतिशत पायलटों की स्वैच्छिक जांच शुरू कर दी है.

एयरलाइन ने सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई की जाएगी और जांच से सामने आने वाली सुरक्षा सिफारिशों को लागू किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर कान्हा जी को लगाएं खास पंचामृत का भोग, जानें बनाने की आसान विधि

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button