Punjab News : पंजाब सरकार ने वन विभाग के कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा को लेकर बड़ा भरोसा दिया है. वन एवं वन्य जीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के हित में नीतियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इन योजनाओं में वन कर्मचारियों की भूमिका अहम है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाया जाएगा और मौजूदा कामों को ठेके पर देने की प्रक्रिया भी नहीं अपनाई जाएगी.
वन मंत्री ने डेमोक्रेटिक वन कर्मचारी यूनियन, पंजाब के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की ओर से रखी गई सभी मांगों को विस्तार से सुना. मंत्री ने कहा कि जो मांगें जायज हैं, उन्हें सरकार के उच्च स्तर पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की एक प्रमुख मांग उनके कार्य को ‘खतरनाक कार्य’ की श्रेणी में शामिल करने से जुड़ी थी. मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को भी सरकार के उच्च स्तर पर रखा जाएगा.
नौकरी की सुरक्षा पर मंत्री का भरोसा
बैठक में लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों और उनकी नौकरी की सुरक्षा को लेकर गंभीर है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि विभाग में जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें ठेके के जरिए करवाने की व्यवस्था नहीं की जाएगी.
वन विभाग में 1,458 कर्मचारी नियमित
मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने वन विभाग में अब तक 1,458 कर्मचारियों को नियमित किया है. इनमें इस साल नियमित किए गए 516 कर्मचारी और पिछले साल नियमित हुए 942 कर्मचारी शामिल हैं, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कार्यकाल में अब तक 70 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार दिया जा चुका है. मंत्री के मुताबिक, इन नियुक्तियों में मेरिट को आधार बनाया गया है, उन्होंने इसे सरकार की कर्मचारी हितैषी नीति का हिस्सा बताया.
इस बैठक में पीसीसीएफ (वन बल प्रमुख) धर्मिंदर शर्मा, एपीसीसीएफ (प्रशासन) प्रतिमा श्रीवास्तव और एपीसीसीएफ (पनकैम्पा) चर्चिल कुमार समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- यूपी में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 2.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








