Tokyo Olympics: भारतीय हॉकी टीम ने जीता कांस्य, पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- ‘टीम पर देश को गर्व है’

Share

नई दिल्ली। टोक्यो में चल रहे ओलंपिक्स में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम है। लगातार भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इस बीच भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। कांस्य पदक के लिए खेले जा रहे मुकाबले में भारत ने जर्मनी को 5-4 से मात दी और 41 सालों के बाद ओलंपिक में पदक अपने नाम किया।

बता दें कि हॉकी टीम ने 1980 के बाद मेडल जीता है। 41 साल के मेडल के इंतजार को खत्म करते हुए टीम ने वाकई इतिहास रच दिया है। ओलंपिक के इतिहास में यह ओवरऑल हॉकी का 12वां मेडल है। मैच में एक समय भारतीय टीम 1-3 से पीछे थी। हालांकि दिलचस्प मुकाबले में टीम ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला जीत लिया और मेडल अपने नाम कर लिया।

वहीं दूसरी ओर महिला हॉकी टीम भी मेडल की रेस में है। टीम शुक्रवार को ब्रॉन्ज के लिए खेलेगी।

पीएम मोदी ने जीत के लिए टीम को दी बधाई

टीम की इस जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है। ओलंपिक्स में हॉकी में पदक लेने के लिए आखिरी बार भारत 1980 में पोडियम पर पहुंचा था।

भारतीय टीम को 41 साल बाद मिली ऐतिहासिक सफलता पर पीएम मोदी ने लिखा, ‘ऐतिहासिक! एक दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित होगा। हमारी पुरुष हॉकी टीम को घर पर ब्रॉन्ज मेडल लाने के लिए बधाई। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूरे राष्ट्र और खासकर युवाओं की कल्पना पर असर छोड़ा है। हमारी हॉकी की टीम पर भारत को गर्व है।’


सोशल मीडिया से लेकर राजनीति या खेल जगत तक भारतीय हॉकी टीम के लिए बधाइयों का दौर शुरू हो गया है। सभी अपनी टीम की इस ऐतिहासिक जीत की प्रशंसा कर रहे है।

टीम की जीत पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा ’41 सालों के बाद ओलंपिक मेडल जीतने पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। टीम ने आसाधारण कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। यह ऐतिहासिक जीत हॉकी के एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।’

वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी टीम को बधाई दी है और कहा कि, ‘लड़कों तुमने कर दिखाया, अब हम शांत नहीं रह सकते। हमारी पुरुष हॉकी टीम ने एक बार फिर ओलंपिक के इतिहास की किताबों में दबदबा बनाया है। हमें आप पर बेहद गर्व है।’

बता दें कि राजनीतिक के तमाम दिग्ग्ज से लेकर फिल्मी जगत के सितारों तक सभी भारतीय हॉकी टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दे रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरें