राष्ट्रीय

भारत-फ्रांस की ऐतिहासिक डील, 114 राफेल मिलेंगे, 3.25 लाख करोड़ का सौदा, पीएम मोदी से मुंबई में मुलाकात

India-France Rafale Deal : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज मुंबई में मिलेंगे। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच करीब 3.25 लाख करोड़ रुपए की बड़ी रक्षा डील होने वाली है। बताया जा रहा है कि यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य खरीद होगी। इस समझौते के तहत भारत को 114 राफेल फाइटर जेट मिलेंगे। बता दें कि राष्ट्रपति बनने के बाद यह मैक्रों का चौथा भारत दौरा है।

AI समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

दोनों नेताओं की बैठक दोपहर 3:15 बजे मुंबई के लोक भवन में होगी। इस दौरान रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, इंडो-पैसिफिक रणनीति, नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद शाम 5:15 बजे दोनों नेता ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026’ की शुरुआत करेंगे। वे उद्योगपतियों, स्टार्टअप फाउंडर्स और रिसर्च से जुड़े लोगों को भी संबोधित करेंगे।

मैक्रों का भारत दौरा

राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वे दिल्ली में होने वाले AI इम्पैक्ट समिट में भी शामिल होंगे। भारत और फ्रांस के बीच 1998 से रणनीतिक साझेदारी है। दोनों देश रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करते हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करेगा।

भारतीय वायुसेना के लिए महत्वपूर्ण डील

रक्षा सूत्रों के अनुसार, अगले सप्ताह रक्षा मंत्रालय की उच्चस्तरीय बैठक में राफेल विमानों की खरीद पर विचार किया जा सकता है। मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह योजना भारतीय वायुसेना के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। फिलहाल वायुसेना के पास करीब 30 सक्रिय फाइटर स्क्वाड्रन हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 42 स्क्वाड्रन है। इसलिए नए लड़ाकू विमानों की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।

4.5 पीढ़ी का एडवांस लड़ाकू विमान

राफेल एक 4.5 पीढ़ी का अत्याधुनिक लड़ाकू विमान है, जो हवा से हवा और हवा से जमीन दोनों तरह से काम कर सकता है। इसमें आधुनिक रडार, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, लंबी दूरी की मिसाइलें और सटीक हथियार हैं। इसकी मल्टीरोल क्षमता इसे किसी भी मौसम और कठिन परिस्थितियों में प्रभावी बनाती है।

भारत में होगा 80% विमानों का निर्माण

भारत राफेल विमानों की 114 की बड़ी खरीद करने की योजना बना रहा है, जिसमें करीब 80% विमानों का निर्माण भारत में होगा। इसमें फ्रांसीसी कंपनी डसॉल्ट एविएशन और भारतीय निजी कंपनियों का सहयोग होगा। इस योजना के तहत वायुसेना को 88 सिंगल-सीटर और 26 ट्विन-सीटर विमान मिलेंगे, ज्यादातर भारत में बनाए जाएंगे।

इस सौदे के पूरा होने के बाद वायुसेना के पास कुल 150 राफेल विमान होंगे। साथ ही, नौसेना के पास भी 26 राफेल विमान होंगे, जो एयरक्राफ्ट कैरियर से उड़ान भरने के लिए खास होंगे।

भारत के दुश्मन बढ़ा रहे साझेदारी

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान-बांग्लादेश और पाकिस्तान-चीन के बीच बढ़ती रणनीतिक नजदीकियों के कारण भारत में सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से वायुसेना के लिए 4.5 पीढ़ी के उन्नत मल्टीरोल लड़ाकू विमान राफेल को लंबे समय से आवश्यक माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- सलमान खान के पिता सलीम खान की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button