छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, ओले भी गिरे

प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बदली और बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। बिलासपुर में मार्च में सावन सी झड़ी लग गई है। शुक्रवार की रात भी यहां अच्छी बारिश हुई। इसी तरह दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा में भी बौछारें पड़ रही हैं।
चारामा-धमतरी रोड में ओले गिरने के बाद रोड पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। राहगीर रुक कर इस पल को कैमरे में कैद करते नजर आए। समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी प्रदेश आ रही है। इसी के कारण राजधानी में भी पिछले दो दिन से मौसम ठंडा है। आज पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
शनिवार सुबह से प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही है। राजधानी में सुबह से ही बदली छाई हुई है और बारिश के छीटें पड़ने के आसार है। वहीं, राजनांदगांव और भिलाई में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश की बौछारें पड़ी हैं। आज शनिवार पूरे दिन नमी बनी रहेगी और ठंडी हवाएं चलती रहेगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने शनिवार को भी यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिन से मौसम का अनुमान बिल्कुल सटीक भी निकला है। अब चेतावनी जारी की गई है कि अगले 24 घंटे में प्रदेश के कोरिया, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर- चांपा, बेमेतरा, बलोदाबाजार, राजनांदगांव उसके लगे हुए जिलों मे एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है।