
Maharashtra News : महाराष्ट्र के धुले से एक बेहद संवेदनशील और बड़ी खबर सामने आई है. शहर के एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे की गद्दी और कब्जे को लेकर दो गुटों के बीच देर रात टकराव हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुरुद्वारा परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और लाठी-डंडों से हमला हुआ.
इस पूरे विवाद की जड़ पूर्व प्रमुख बाबा धीरज सिंह खालसा की हत्या बताई जा रही है. सिख समुदाय के लोगों का आरोप है कि उनकी हत्या में बाबा रणवीर सिंह की भूमिका है. आरोप है कि बाबा रणवीर सिंह बीते दो दिनों से गुरुद्वारे पर अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए थे. इसी मुद्दे को लेकर जब देर रात बड़ी संख्या में लोग गुरुद्वारा परिसर पहुंचे तो स्थिति और बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि अंदर से आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसके बाद दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया और देखते ही देखते पूरा इलाका तनाव में आ गया.
धुले में तनाव के बाद पुलिस अलर्ट
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बाबा रणवीर सिंह सहित उनके सात समर्थकों को देर रात हिरासत में ले लिया. धुले के अपर पुलिस अधीक्षक अजय देवरे ने साफ शब्दों में कहा है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ वीडियो फैलाकर माहौल खराब करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गुरुद्वारा परिसर और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है, जबकि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
धुले के अपर पुलिस अधीक्षक अजय देवरे ने जानकारी देते हुए कहा कि गुरु नानक सभा गुरुद्वारा में प्रमुख पद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के चलते झड़प की स्थिति बनी थी, जिसे अब पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है, उन्होंने बताया कि कई लोगों ने थाने पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फेक कंटेंट फैलाने पर होगी कार्रवाई
एएसपी देवरे ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग घटना से जुड़े वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट वीडियो पर भरोसा न करें. साथ ही चेतावनी दी कि भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – RCTC घोटाला मामले में लालू यादव की दायर याचिका पर दिल्ली HC का नोटिस, CBI से भी मांगा जवाब
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









